‘सड़क की सुरक्षा, जीवन की रक्षा’

चांदूर रेलवे में हेलमेट वितरण कर सड़क सुरक्षा जनजागरण

चांदूर रेल्वे/दि.11 – सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी और उससे होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से चांदूर रेलवे में सड़क सुरक्षा जनजागरण अभियान चलाया गया. सुरक्षा की जागरूकता, जीवन बचाती है का संदेश देते हुए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत कोनटा एन.एक्स.टी. अमरावती और चांदूर रेलवे पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए.
यह कार्यक्रम 10 फरवरी 2026 को शाम 6 बजे स्थानीय बालासाहेब चौक में आयोजित किया गया. इस अवसर पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को रोका गया और उन्हें हेलमेट के महत्व के बारे में समझाते हुए हेलमेट प्रदान किए गए. साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई.कार्यक्रम में कोनटा एन.एक्स.टी. अमरावती के प्रोजेक्ट हेड दामोदर रेड्डी, चांदूर रेलवे पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक नंदलाल लिंगोट तथा ट्रैफिक अमलदार हेड कॉन्स्टेबल योगेश नेवारे प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. सड़क की सुरक्षा, जीवन की रक्षा के मंत्र को अपनाकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है. उन्होंने बताया कि हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवनरक्षक कवच है. इस अभिनव पहल की शहर में सराहना की जा रही है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों ने सहभागिता की.

Back to top button