सालबर्डी यात्रा दौरान हथियार जब्त

मोर्शी पुलिस की कार्रवाई

मोर्शी /दि.2 – सालबर्डी यात्रा का फायदा उठाकर अवैध घातक हथियार रखनेवाले व्यक्ति को मोर्शी पुलिस ने पकडकर जेल भेजा. मोर्शी पुलिस ने रविवार 15 फरवरी को सालबर्डी यात्रा के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया. उल्लेखनीय है कि, महाशिवरात्री के पावन पर्व पर श्रीक्षेत्र सालबर्डी में बडी यात्रा आयोजित हुई. जिसमें देशभर से लाखों भक्त गुफा में स्थित शिवलिंग के दर्शन के लिए जुटे. इस यात्रा के दौरान थाना प्रभारी राहुल आठवले ने थाने के डीबी स्क्वॉड को अपराधिक गतिविधि करनेवालों पर नजर रखने के निर्देश दिए थे.
इन निर्देशों के तहत डीबी स्क्वॉड ने रविवार 15 फरवरी की सुबह 11 बजे सालबर्डी से डोंगरयावली रोड पर बजरंगी पार्किंग के पास गोपनीय सूचना के आधार पर जौहरसिंग दयासिंग (38, गुरुनानक नगर, तलेगांव, जि. वर्धा) को गिरफ्तार किया. उसके पास से कुल पुलिस ने 5 तलवार (खुकरी), 1 रामपुरी चाकू और 3 गुप्ती बरामद की. जब्त किए गए माल की कीमत 8400 रुपए बताई गई है. आरोपी के खिलाफ हथियार अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर के मार्गदर्शन में मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में मोर्शी पुलिस थाने के डीबी स्क्वॉड के पुउपनि आकाश शिवणकर, अंमलदार योगेश सांभारे, विलास कोहले, मनोज गायकी, छत्रपति करपते, स्वप्निल बारस्कर, अथर्व कोहले, चालक अब्दुल हबीब ने की.

Back to top button