6 युवक गए तैरने, 1 की डूबने से मृत्यु
महाशिवरात्री के दिन बोरगांव दातार में घटना

हिंगणघाट /दि.16 – तहसील के बोरगांव दातार में रविवार को 6 युवक महाशिवरात्री उपलक्ष्य पुरानी बस्ती के शिव मंदिर में दर्शन कर लौटते समय तैराकी करने उतरे तो एक की डूबकर मौत हो गई. वणा नदी के आजंती बांध पर रविवार दोपहर 2.30 बजे यह घटना होने का समाचार है. मृत युवक का नाम आकाश शेषराव बावणे (21) है. वह माता-पिता और छोटी बहन को बिलखता छोड गया है. गांव में भी उसकी मृत्यु से शोक व्याप्त है.
आकाश बावणे सहित 6 युवक सुबह 10 बजे शिव मंदिर दर्शन करने गए थे. दर्शन उपरांत लौट रहे थे, उसी समय आजंती डैम पर तैराकी का विचार कर आकाश अपने मित्र अथर्व गौरकर व 4 अन्य साथियों के संग तैराकी हेतु उतरा. नदी पात्र से बाहर निकलते समय आकाश बावणे की चप्पल पानी में गिर जाने से दोबारा उतरा तो उसे गहराई का अंदाज न आया और डूबने लगा. उसके चीखने-चिल्लाने के बावजूद मित्रों के सामने ही डूब जाने की भयंकर घटना हुई. भीमराव ठाकरे ने हिंगणघाट पुलिस को सूचित किया. दोपहर 4.30 बजे आकाश बावणे का शव डैम से निकाला गया.
* चिखली में भी डूबा 11 वर्षीय छात्र
बुलढाणा जिले के खडकपूर्णा प्रकल्प की बडी नहर में रविवार को तैरने के लिए गए 11 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मृत्यु हो गई. चिखली तहसील के अंचलवाडी में यह घटना होने से शोक व्याप्त है. अंचलवाडी का रहनेवाला स्वराज गणेश खरात यहां शिवाजी विद्यालय में कक्षा 5 वीं का छात्र था. उसके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है. अपने भाई और दादी के साथ रहनेवाला स्वराज सरकारी होस्टल में रहता था. रविवार को शाला को छुट्टी होने से वह खडकपूर्णा सिंचाई प्रकल्प की नहर में तैरने गया. पानी के तेज बहाव का अंदाज नहीं आने से डूब गया.





