शिवालय जा रहे भक्तों के वाहन को बीडीओ की गाडी ने उडाया
हादसे में 3 गंभीर, 5 को मामूली चोटे

आष्टी /दि.17 – आष्टी की पंचायत समिति के बीडीओ के वाहन चालक ने पुलगांव से बडा महादेव जानेवाले चारपहिया वाहन को उडा दिया. इस हादसे में 3 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि 5 लोगों को मामूली चोटे आई. पुलिस ने बीडीओ के वाहन चालक को कब्जे में लिया है. हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड जमा हो गई थी और तनाव का वातावरण निर्माण हो गया था. यह घटना शनिवार की रात घटित हुई.
दूसरा शनिवार रहने से शासकीय अवकाश रहता है और पंचायत समिति के गटविकास अधिकारी अपने गांव गए थे. उनका शासकीय वाहन क्रमांक एमएच-32/एएच-7245 यह पंचायत समिति आष्टी के कार्यालय परिसर में खडा था. वाहन चालक ताहीत शेख शराब के नशे में धूत था. उसने नशे में ही शासकीय वाहन पंचायत समिति के बाहर निकाला. इसके लिए अधिकारी की अनुमति भी नहीं ली, फिर भी वाहन निकालकर राष्ट्रीय महामार्ग पर तेज रफ्तार से दौडाने लगा. तलेगांव-आष्टी महामार्ग से पुलगांव के महादेव भक्त एमएच-32/वाय-1808 क्रमांक के चारपहिया वाहन से बडा महादेव दर्शन जाने के लिए पुलगांव से रवाना हुए थे. वे आष्टी के पेट्रोलपंप के पास पहुंचे, उसी समय पंचायत समिति के वाहन के चालक ताहीत शेख ने लापरवाही से गाडी चलाते हुए महादेवभक्तों के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में देवानंद रामटेके (25), धर्मानंद ढोके (30), वाहन चालक गणेश डहाके (42) गंभीर रुप से घायल हुए. जबकि 5 लोग मामूली रुप से घायल हुए. घटना की जानकारी मिलते ही नागरिकों की घटनास्थल पर भारी भीड जमा हो गई थी. संतप्त नागरिकों ने शराब के नशे में धूत बीडीओ के वाहन चालक को पकडकर पुलिस के हवाले कर दिया. हादसे के बाद पुलिस जवान लिंबा पारेकर तत्काल घटनास्थल पहुंच गए. उन्होंने वाहन चालक को अपने कब्जे में लिया और पुलिस स्टेशन ले गए. इस प्रकरण में आष्टी पुलिस ने मामला दर्ज किया है.





