अस्पताल से नाबालिग युवती को किया अगवा
राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना, मामला दर्ज

अमरावती/दि.17 – बच्ची की तबीयत खराब होने से राजापेठ थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कर वहां अपनी मां के साथ देखरेख के लिए रुकी एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती का किसी ने अपहरण कर लिया. राजापेठ थाना क्षेत्र में यह घटना घटित हुई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक बैलहरपुर ग्राम निवासी एक 50 वर्षीय महिला द्वारा सोमवार 16 फरवरी को दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक उसकी दो माह की भांजी की तबीयत खराब होने से उसे उपचार के लिए 14 फरवरी को सुबह 9 बजे वह होप हॉस्पीटल में लाई थी. शिकायतकर्ता महिला के साथ उसकी 17 साल की नाबालिग बेटी भी थी. दोनों मां-बेटी अस्पताल में मासूम की देखरेख कर रहे थे. लेकिन इस अस्पताल से 15 फरवरी की रात 8.30 बजे के दौरान उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी अचानक गायब हो गई. उसकी सभी तरफ तलाश की गई, लेकिन कहीं भी पता नहीं चला. महिला का आरोप है कि, उसे कोई अपने जाल में फंसाकर भगाकर ले गया. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज किया है.