शेख शहबाज उर्फ मुरारी पर लगा एमपीडीए

एक साल के लिए सेंट्रल जेल में किया गया स्थानबद्ध

अमरावती /दि.24 – स्थानीय पठान चौक परिसर में जिब्राइल बाबा दरगाह के पास रहनेवाले कुख्यात अपराधी शेख शहबाज उर्फ मुरारी शेख कलीम (25) की अपराधिक वारदातों में संलिप्तता को देखते हुए उसके खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई की गई. जिसके तहत शेख शहबाज उर्फ मुरारी को एक साल के लिए अमरावती सेंट्रल जेल में स्थानबद्ध कर दिया गया. यह कार्रवाई नागपुरी गेट पुलिस की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला के आदेशानुसार एमपीडीए सेल द्वारा की गई.
बता दें कि, वर्ष 2018 से कई तरह की अपराधिक वारदातों में लिप्त रहनेवाले शेख शहबाज उर्फ मुरारी के खिलाफ नागपुरी गेट, खोलापुरी गेट व सिटी कोतवाली पुलिस थानो में हत्या, मारपीट, चोरी, सेंधमारी, अश्लील कृत्य, अवैध तरीके से आग्नेयास्त्र व घातक शस्त्रों के प्रयोग तथा तडीपारी सहित प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन को लेकर गंभीर स्वरुप वाले 7 मामले दर्ज है. शेख शहबाज के खिलाफ इसके पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे तडीपार भी किया गया था, बावजूद इसके उसकी अपराधों में कोई कमी नहीं है. इस बात को ध्यान में रखते हुए नागपुरी गेट पुुलिस स्टेशन के थानेदार हनुमंत उरलागोंडावार व पुलिस निरीक्षक जनार्दन सालुंके ने गाडगे नगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त कैलाश फुंडकर व शहर पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल के मार्फत शेख शहबाज के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव शहर पुलिस आयुक्तालय में भेजा. जिसकी प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त सीमा दातालकर व अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के मार्गदर्शन में अपराध शाखा की एमपीडीए सेल के एपीआई इमरान नायकवडे, एएसआई अजय मिश्रा व चेतन कराडे तथा नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के नापोकां आनंद ठाकुर व मंगेश बोरकर सहित डीबी पथक ने पूर्तता की. जिसके उपरांत शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने 23 फरवरी को इस प्रस्ताव पर आदेश पारित किया. जिस पर तामील करते हुए नागपुरी गेट पुलिस ने शेख शहबाज को अपनी हिरासत में लेकर उसे स्थानबद्ध रखने हेतु अमरावती सेंट्रल जेल में लाकर जमा कराया.
उपरोक्त जानकारी देने के साथ ही शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा बताया गया कि, आगामी पर्व एवं त्यौहारों के मद्देनजर शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र अंतर्गत रहनेवाले अपराधियों की जानकारी को संकलित कर उनके खिलाफ विविध कानूनों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button