वर्दीधारियों ने थामा बल्ला, मैदान में दिखा जोश और जज्बा
पुलिस आयुक्त कप

* मानसिक- शारीरिक तनाव कम करने के उद्देश्य से टेनिस बॉल क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन
* पुलिस आयुक्त राकेश ओला का उपक्रम
अमरावती/ दि. 27 – पिछले कुछ वर्षों में त्योहारों की कड़ी ड्यूटी, महत्वपूर्ण बंदोबस्त, चुनाव संबंधी प्रतिबंध, वीआईपी सुरक्षा और दैनिक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के चलते पुलिसकर्मियों पर बढ़ते मानसिक और शारीरिक तनाव को कम करने के उद्देश्य से अमरावती पुलिस आयुक्त कार्यालय ने एक अभिनव पहल की है. माननीय पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में 21 फरवरी से 1 मार्च तक पुलिस मुख्यालय के परेड ग्राउंड पर पुलिस आयुक्त कप टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है.
प्रतियोगिता का उद्घाटन 21 फरवरी को पुलिस मुख्यालय में उपायुक्त रमेश धुमाल के हाथों हुआ. उद्घाटन अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला.इस प्रतियोगिता में पुलिस आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत आने वाले राजपेठ, कोतवाली, खोलापुरी गेट, भातकुली, बडनेरा, नांदगांव पेठ, फेजरपुरा, नागपुरी गेट, गाडगेनगर पुलिस स्टेशन सहित विशेष शाखा, अपराध शाखा, नगर यातायात शाखा, मोटर परिवहन विभाग, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और अमरावती पुलिस मुख्यालय की टीमों ने भाग लिया है. सभी टीमों को दो समूहों में विभाजित कर नॉकआउट पद्धति से मुकाबले खेले जा रहे हैं. पुलिस स्टेशनों और विभिन्न शाखाओं के बीच बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. कई मुकाबले अंतिम ओवर तक पहुंचे, जिससे दर्शकों में भी खासा उत्साह बना रहा. इस प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस बल में छिपी खेल प्रतिभा सामने आ रही है. वर्दी में अनुशासित दिखने वाले अधिकारी और कर्मचारी मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन कर रहे हैं. खेल के जरिए आपसी समन्वय, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है.
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 25 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित किए जाएंगे. वहीं फाइनल से पहले का सेमीफाइनल मुकाबला रविवार, 1 मार्च को सुबह 7:30 से 11 बजे तक खेला जाएगा. भव्य फाइनल मुकाबला 1 मार्च को शाम 4 बजे पुलिस मुख्यालय परेड ग्राउंड में पुलिस आयुक्त राकेश ओला की उपस्थिति में खेला जाएगा. पुलिस आयुक्त की इस नई और अनूठी अवधारणा से अमरावती शहर पुलिस बल में खुशी और उत्साह का माहौल है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर पुलिस आयुक्त कप पर किस टीम का कब्जा होगा.





