घर में चल रहे जुआ अड्डे पर छापा, 9 गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच के दल की मंगलधाम के न्यू कॉलोनी में कार्रवाई

* 5. 93 लाख रूपए का माल जब्त, मुख्य आरोेपी फरार
अमरावती/ दि. 27 -शहर में अवैध जुआ अड्डों पर कार्रवाई करते हुए 26 फरवरी को क्राइम ब्रांच की टीम ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में आनेवाले मंगलधाम की न्यू कॉलोनी में छापा मारकर 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया. इस दौरान पुलिस ने कुल 5 लाख 93 हजार 700 रुपये का माल जब्त किया है.
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि रवि नगर निवासी पंकज ठाकरे नामक व्यक्ति भूषण हिरुडकर के घर पर जुएं का अड्डा चला रहा है. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी. छापे के दौरान 9 आरोपी जुआ खेलते पकड़े गए, जबकि मुख्य आरोपी पंकज ठाकरे फरार हो गया. कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से 58,500 रुपये नकद, करीब 1 लाख 15 हजार रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन, लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये कीमत की 6 मोटरसाइकिलें तथा 200 रुपये कीमत के ताश के पत्ते जब्त किए. जब्त सामग्री की कुल कीमत 5 लाख 93 हजार 700 रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों में भूषण बबनराव हिरुडकर (57), नीलेश बालासाहेब गाडे (40), गौरव शिवाजीराव ठाकुर (27), राहुल अरुण भाखड़े (35), अनिकेत शरद राव खांडेकर (31), अलकेश विष्णु अवजाड़े (26), अभिजीत सुरेशराव गावंडे (35), विजय रंगराव तायडे (38) और नीलेश बाबाराव जूनघारे (44) शामिल हैं . सभी आरोपी अमरावती के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं. फ्रेजरपुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

 

Back to top button