सुनियोजित ढंग से की गई अजीत पवार की हत्या
शरद पवार गुट के नेता विकास लवांडे ने लगाया सनसनीखेज आरोप

मुंबई /दि.5- महाराष्ट्र की राजनीति में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है. इस मामले में अब नए आरोप सामने आने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस के शरद पवार गुट के नेता विकास लवांडे ने इस दुर्घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए सनसनीखेज दावा किया है.
गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को हुए एक विमान हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन हादसे को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. पवार परिवार ने भी शुरुआत से ही इस पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है. इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के प्रदेश प्रवक्ता और संगठन सचिव विकास लवांडे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सरकार और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें यह दृढ़ विश्वास हो गया है कि अजित पवार की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है.
लवांडे ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश ऊपरी स्तर से की जा रही है. उनके अनुसार, अजित पवार किसी के लिए बड़ा राजनीतिक अवरोध बन गए थे, इसलिए उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गई हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास में ऐसे कई मामले हुए हैं, जिन्हें समय के साथ दबा दिया गया. लवांडे के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया की संभावना जताई जा रही है और सत्ताधारी तथा विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर टकराव बढ़ सकता है.
बॉक्स/फोटो- टी-19
* 20 से अधिक विधायकों की सुनेत्रा पवार से मुलाकात
इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस के 20 से अधिक विधायकों ने मुंबई स्थित देवगिरी निवास पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से देर रात मुलाकात की. बैठक में अजित पवार के विमान हादसे से जुड़े कई सवाल उठाए गए और मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग दोहराई गई. बैठक के दौरान कई विधायकों ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की रिपोर्ट पर भी सवाल खड़े किए. विधायकों का कहना है कि दुर्घटना के लगभग एक महीने बाद जारी की गई इस रिपोर्ट में कई तकनीकी विसंगतियां दिखाई देती हैं और इससे दुर्घटना के वास्तविक कारणों पर पूरी तरह स्पष्टता नहीं मिलती. इसी कारण विधायकों ने सुनेत्रा पवार से आग्रह किया कि पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए, ताकि हादसे की सच्चाई सामने आ सके. विधायकों की मांग पर सुनेत्रा पवार ने आश्वासन दिया कि वे सभी विधायकों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगी और इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगी. बैठक के दौरान दुर्घटना के बाद बरामद कुछ वस्तुएं भी विधायकों को दिखाए जाने की जानकारी सामने आई है.
* रोहित पवार लगातार उठा रहे मुद्दा
दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और विधायक रोहित पवार भी इस हादसे की निष्पक्ष जांच की लगातार मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि यह केवल दुर्घटना नहीं हो सकती और इसकी आपराधिक कोण से जांच होनी चाहिए. रोहित पवार ने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे तथा मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात कर चर्चा की है. साथ ही वे जल्द ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात कर इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध करने वाले हैं.
* पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, अजित पवार हादसे की जांच को लेकर पार्टी के भीतर भी असंतोष की स्थिति बताई जा रही है. अमोल मिटकरी को छोड़कर कई वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर खुलकर सामने नहीं आए हैं, जिससे कुछ विधायक असहज महसूस कर रहे हैं. इसी कारण बड़ी संख्या में विधायकों ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर इस प्रकरण पर विस्तार से चर्चा की. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि इस हादसे की सीबीआई जांच होती है तो आने वाले दिनों में इस प्रकरण से जुड़े कई नए और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं. फिलहाल यह मामला महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.





