दसवीं-बारहवीं परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल कांड
22 शिक्षक निलंबित, 51 पर मामला दर्ज

अकोला/दि.6 – महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं के मामले में संबंधित शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. वाशिम जिले में सामूहिक नकल प्रकरण में 51 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से अब तक 22 कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है. यह जानकारी माध्यमिक शिक्षा अधिकारी मंगल धुपेगायलेवाड ने दी. इस कार्रवाई से शिक्षा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.
बोर्ड परीक्षाओं को नकलमुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था, लेकिन कुछ केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं. वाशिम जिले के केंद्र क्रमांक 0906 श्री मैनागिरी महाराज कनिष्ठ महाविद्यालय, जुमडाफाटा में बारहवीं कक्षा की भौतिकशास्त्र परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर सामूहिक नकल का मामला उजागर हुआ. उड़न दस्ते की अचानक जांच और बाद में की गई जांच में पाया गया कि 581 विद्यार्थियों ने लगभग एक जैसी उत्तर-पुस्तिकाएँ लिखी थीं. इस परीक्षा केंद्र पर कुल 584 विद्यार्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 581 विद्यार्थी उपस्थित थे.
* परीक्षा केंद्र पर भी कई खामियाँ उजागर
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र पर कई गंभीर कमियाँ भी सामने आईं. इनमें टिनशेड में परीक्षा आयोजित करना, बैठने की अत्यंत अव्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव, पंखों और सीसीटीवी कैमरों की कमी व बिजली जाने पर जनरेटर की सुविधा का अभाव जैसी समस्याएँ शामिल थीं. विद्यार्थियों की उत्तर-पुस्तिकाओं की नमूना जांच में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उत्तर शब्दशः समान थे.
* 16 फरवरी को ही जारी हुआ था कार्रवाई का निर्देश
इस गंभीर मामले को देखते हुए शिक्षा आयुक्त ने 16 फरवरी को ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि परीक्षा के दौरान अनियमितता करने वाले मुख्याध्यापक, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाए. निर्देशों के अनुसार जिले में जिन 51 शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं को सूचित किया गया था. इसके तहत श्री संत ज्ञानेश्वर ज्ञानप्रसारक मंडल के अंतर्गत आने वाले विद्यालय और कनिष्ठ महाविद्यालय के 10 अनुदानित पदों पर कार्यरत शिक्षक-कर्मचारी तथा 7 स्ववित्तपोषित शिक्षक निलंबित किए गए हैं.
* ‘माऊली’ विद्यालय के भी पांच शिक्षक निलंबित
इसी तरह मातोश्री बहुउद्देशीय शिक्षण प्रसारक मंडल के अंतर्गत आने वाले माऊली विद्यालय व कनिष्ठ महाविद्यालय, मोहजा के 5 स्ववित्तपोषित शिक्षकों को भी निलंबित किया गया है. माध्यमिक शिक्षा अधिकारी मंगल धुपे-गायलेवाड ने बताया कि कुल 51 आरोपित कर्मचारियों में से 22 को निलंबित किया जा चुका है, जबकि बाकी मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है. इस घटना ने परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





