माहे रमजान के तीसरे जुमे की नमाज हेतु मस्जिदों में उमडी भीड
दुनिया पर मंडरा रहे युद्ध के खतरे को देखते हुए की गई अमन व शांति की दुआ

अमरावती /दि.7 – इस समय मुस्लिम समाजबंधुओं का पवित्र व मुबारक माहे रमजान चल रहा है और गत रोज माहे रमजान का तीसरा जुमा (शुक्रवार) था. जिसके चलते गत रोज जुमे की नमाज अदा करने हेतु शहर की सभी मस्जिदों में नमाजियों की अच्छी-खासी भीड उमडी और सभी नमाजियों ने पाक पर्वर दीगार की बारगाह में अपनी नमाज अदा करने के साथ ही दुनिया पर मंडरा रहे युद्ध के खतरे को देखते हुए दुनिया में अमन व शांति बने रहने के लिए दुआ भी पढी.
गत रोज शहर के साबनपुरा स्थित जामा मस्जिद, चांदनी चौक स्थित मिस्किन शहा मियां मस्जिद, बस स्टैंड रोड स्थित उस्मानिया, चपराशीपुरा स्थित कैम्प मस्जिद सहित शहर के अन्य सभी इलाको में स्थित मस्जिदों में कल माहे रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की गई. जिसमें बडी संख्या में मुस्लिम समाजबंधुओं द्वारा हिस्सा लिया गया. बता दें कि, मुस्लिम समाजबंधुओं ने जुमे की नमाज अदा करने का वैसे भी काफी अधिक महत्व रहता है. साथ ही जुमे की नमाज का महत्व माहे रमजान के दौरान और भी अधिक बढ जाता है. क्योंकि इस्लामिक मान्यता के अनुसार माहे रमजान में हर नेक अमल (काम) का 70 गुना सवाब (प्रतिफल) प्राप्त होता है. जिसे ध्यान में रखते हुए मुस्लिम समाजबंधुओं द्वारा माहे रमजान के दौरान रोजा रखने के साथ-साथ नियमित तौर पर नमाज भी अदा की जाती है. जिसके तहत गत रोज माहे रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाजबंधु बडी संख्या में शहर की मस्जिदों में पहुंचे. साथ ही सभी ने दुनियाभर में अमन व शांति कायम रहने के लिए दुआ भी मांगी.
* बोहरा समाज ने भी की इबादत
गत रोज बोहरा समाजबंधुओं ने भी माहे रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की. स्थानीय बर्तन बाजार स्थित दाऊदी बोहरा मस्जिद में धर्मगुरु सैय्यदना साहब की रजा से आमील शेख मुर्तजाभाई मदारवाला ने जुमे की नमाज अदा करवाई. इस समय दाऊदी बोहरा समाजबंधुओं की बडी संख्या में मौजूदगी रही.
* आकर्षक रोशनी से नहाई शहर की मस्जिदें
बता दें कि, इस समय माहे रमजान अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है. जिसके चलते अब ईद की आमद को लेकर उत्सुकता काफी अधिक बढ गई है. बता दें कि, अगले सप्ताह के अंत में चांद दिखाई देने के बाद शनिवार 21 मार्च को रमजान ईद मनाई जा सकती है. जिसके चलते शहर सहित जिले में ईद की आमद को लेकर भी जमकर तैयारियां की जा रही है. जिसके तहत सभी मस्जिदों को रंगरोगन कराते हुए आकर्षक रोशनाई से सजाया जा रहा है. ऐसे में शाम ढलते ही सभी मस्जिदें आकर्षक रोशनाई में नहाई हुई दिखाई दे रही है.





