चलती बस में लगी भीषण आग, 30 यात्री बाल-बाल बचे

बलढाणा जिले की घटना, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

बुलढाणा/दि.7 – बुलढाणा जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती हुई एक निजी बस में अचानक आग लग गई. यह घटना नांदुरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 56 पर हुई. जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर से अकोला की ओर जा रही निजी बस में अचानक आग लग गई. बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिन्हें चालक और बस कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते बाहर निकाल लिया गया. इस कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए.
बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार से राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रही थी. इसी दौरान नांदुरा के पास बस से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी. तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बस चालक ने स्थिति को तुरंत भांपते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद कंडक्टर की मदद से सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया गया. समय रहते सभी यात्रियों के बस से बाहर निकल जाने के कारण किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की तत्परता और सूझबूझ के कारण ही संभावित बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही नांदुरा नगर परिषद के अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया. हालांकि इस घटना में बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों का सामान भी जल गया.
प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और संबंधित विभाग इस घटना की आगे जांच कर रहे हैं. इस घटना के बाद आसपास के लोगों की बड़ी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई. वहीं मौत के मुंह से बचने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और सुरक्षित बचने पर भगवान का धन्यवाद किया.

Back to top button