‘कामयाब नहीं हुए, तो कोई तुम्हारा नहीं’

पूर्व सांसद नवनीत राणा की सोशल मीडिया पर पोस्ट हुई वायरल

* कई नेटीजन्स ने हौसले के साथ संघर्ष कर आगे बढने की दी सलाह
अमरावती/दि.9 – राजनीतिक क्षेत्र के साथ ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त ढंग से सक्रिय एवं लोकप्रिय रहनेवाली भाजपा नेत्री व जिले की पूर्व सांसद नवनीत राणा के बारे में माना जा रहा था कि, संभवत: भाजपा द्वारा उन्हें राज्यसभा के लिए मौका देते हुए पूर्व सांसद से सांसद बनाया जाएगा. परंतु ऐसा नहीं हुआ. जिसके तुरंत बाद सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो पोस्ट करते हुए नवनीत राणा ने कहा था कि, संभवत: संघर्ष ही उनकी नियती है. वहीं अब पूर्व सांसद नवनीत राणा ने अपना एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए कहा कि, अगर कामयाब नहीं हुए, तो कोई तुम्हारा नहीं. पूर्व सांसद नवनीत राणा का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है. जिस पर कई नेटीजन्स ने पूर्व सांसद नवनीत राणा के प्रति हमदर्दी और सहानुभूती दर्शाते हुए उन्हें यह सलाह भी दी है कि, उन्होंने पूरे हौसले के साथ संघर्ष करते हुए आगे बढना चाहिए. साथ ही जरुरत पडने पर एक नई शुरुआत भी करनी चाहिए.
बता दें कि, पूर्व सांसद नवनीत राणा ने वर्ष 2019 से 2024 तक जिले की निर्दलीय सांसद रहते हुए अपने कामों के जरिए पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. साथ ही साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के सभी बडे राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेताओं के साथ घनिष्ठ संबंध भी बनाए थे. जिसके चलते वर्ष 2024 का चुनाव आते-आते भाजपा ने नवनीत राणा को अमरावती संसदीय क्षेत्र से पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही उन्हें स्टार प्रचारक भी बनाया था. हालांकि वोटों के बेहद मामूली अंतर से नवनीत राणा वह चुनाव हार गई थी. लेकिन भाजपा में उनकी सक्रियता को लेकर कोई कमी नहीं आई. जिसके चलते माना जा रहा था कि, भाजपा द्वारा संभवत: राज्यसभा चुनाव में मौका देकर नवनीत राणा को संसद का हिस्सा बनाया जाएगा. इसे लेकर खुद राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी कई बार संकेत देते हुए कहा था कि, नवनीत राणा ज्यादा समय तक पूर्व सांसद नहीं रहेंगी और जल्द ही उनके नाम के साथ सांसद का पद जुडेगा. जिसकी वजह से नवनीत राणा को भाजपा की ओर से महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए तय उम्मीदवार माना जा रहा था, परंतु भाजपा ने ऐन समय पर पूर्व सांसद नवनीत राणा का पत्ता काट दिया. जिसके चलते जाहीर तौर पर पूर्व सांसद नवनीत राणा सहित उनके समर्थकों में काफी हद तक मायुसी वाला आलम है.
राज्यसभा चुनाव में खुद को टिकट नहीं मिलने की बात स्पष्ट होते ही पूर्व सांसद नवनीत राणा ने संघर्ष को अपनी नियती बताते हुए आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही थी. वहीं अब उन्होंने अपने दूसरे वीडियो संदेश में जो कहा है, उसके कई राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे है और अनुमान लगाया जा रहा है कि, पूर्व सांसद नवनीत राणा ने ‘जब आप कामयाब नहीं होते, तब कोई आपके साथ नहीं होता’ कहते हुए ऐसे किस व्यक्ति पर निशाना साधने का प्रयास किया है, जिसने उनकी नाकामयाबी के बाद उनका साथ छोड दिया.

Back to top button