महिलाओं में वित्त निवेश की प्रति जनजागृति आवश्यक: सिकची
जीएचआरयूए में विश्व महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का आयोजन

अमरावती/दि.11 – वित्त व निवेश सलाहकार मीनाक्षी सिकची का मानना है कि भारत में बहुत कम महिलाओं को वित्त प्रबंधन और निवेश को लेकर जानकारी है. इसे देखते हुए सभी महिलाओं में इस संबंध में जनजागृति करना आवश्यक है. इसके माध्यम से ही महिलाओं को अधिक सशक्त बनाया जा सकता है.
विश्व महिला दिवस पर जी.एच.रायसोनी विश्वविद्यालय अमरावती में सशक्त महिला, सशक्त भविष्य विषय पर सेमिनार हॉल में एक व्याख्यान का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में सिकची प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित थीं. कार्यक्रम की अध्यक्षता विवि के कुलपति डॉ. विनायक देशपांडे ने की. इस अवसर पर विवि के विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत अवचट, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. स्वाती आंबडकर, डॉ. भावना कारेमोरे प्रमुख रूप से उपस्थित रही.
शेकची ने कहा कि सभी परिवार में अर्थ प्रबंधन का जिम्मा महिलाओं पर होता है. किंतु उन्हें अर्थ का प्रबंधन कैसे किया जाए इसकी जानकारी नहीं है. जानकारी के अभाव में वे पारंपरिक रूप से ही अर्थ प्रबंधन करती है. साथ ही परिवार के खर्च को देखती है. कई बार आपात स्थिति में उन्हें धन की आवश्यकता पड़ती है. इस स्थिति में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ऐसा नहीं हो इसके लिए जरूरी है कि महिलाओं में वित्त प्रबंधन और निवेश के संबंध में जनजागृति लाकर जागरूक बनाया जाए. विवि कुलपति डॉ. देशपांडे ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई सारी योजनाएं संचालित कर रही है. इसे देखते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए वित्त व निवेश की जानकारी से अवगत कराना जरूरी है. इससे घर में समृद्धि आएगी. परिवार का आर्थिक विकास होगा. साथ ही देश के आर्थिक विकास को और अधिक बल मिलेगा. कार्यक्रम का मंच संचालन अधिवक्ता स्नेहल डोंगरे ने किया.
* मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन
दिन विशेष पर विश्वविद्यालय में कार्यरत महिला शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए सांस्कृतिक और मनोरंजनात्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों में सभी ने अपने अभिनय और गायन कला के साथ ही खेल निपूणता का परिचय दिया.





