महानिर्मिती के कोराडी विद्युत केंद्र में गर्मभाप का रिसाव, चार कर्मचारी घायल

परिसर में अफरातफरी और चिंता का माहौल

नागपुर/दि.11- नागपुर जिले के कोराडी तापीय विद्युत केंद्र में बुधवार 11 मार्च को सुबह एक हादसा हो गया. टरबाईन मेंटेनेंस विभाग में गर्म भाप ले जानेवाली पाईपलाईन में अचानक रिसाव होने से 4 कर्मचारी झुलसकर घायल हो गए. घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में अफरातफरी और चिंता का माहौल हो गया था.
जानकारी के मुताबिक करीब 660 मेगावाट क्षमता वाले युनिट में रखरखाव का काम चल रहा था. इसी दौरान गर्म भाप ले जानेवाली पाईपलाईन में अचानक लिकेज हो गया. जिससे बडी मात्रा में गर्म भाप बाहर निकलने लगी. पास में काम कर रहे कर्मचारियों के हाथ और पैरों पर भाप लगने से वे झुलस गए. घायल कर्मचारियों के नाम रविंद्र नांदुरकर (50), विशाल कांबले (40), राहुल केलकर (35) और शैलेश मेश्राम (35) हैं. इन चारों घायलों को तत्काल उपचार के लिए कोराडी कॉलोनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. इनमें से दो कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. जबकि अन्य दो पर उपचार जारी हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (महानिर्मिती) के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए. एहतियात के तौर पर संबंधित विभाग का काम कुछ समय के लिए रोक दिया गया. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पाईप लाईन में रिसाव के कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई हैं.
* विदर्भ का प्रमुख बिजली केंद्र
नागपुर शहर से लगभग 15 किमी दूरी पर स्थित कोराडी तापीय विद्युत प्रकल्प विदर्भ क्षेत्र का प्रमुख बिजली उत्पादन केंद्र माना जाता है. यहां कोयले से उत्पन्न गर्मी से पानी को उबालकर भाप तैयार की जाती है और उसी भाप के दबाव में टरबाईन घुमाकर बिजली बनाई जाती हैं. इस परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 2 हजार मेगावाट से अधिक हैं और यह आद्योगिक, कृषि तथा शहरी क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

Back to top button