होटल लॉर्डस् व सहकारी दुग्ध संस्था सहित चार संपत्तियां सील

मनपा का टैक्स बकाया रखना पडा भारी

* निगमायुक्त के निर्देश पश्चात बकाया टैक्स वसूली पर मनपा हुई सख्त
अमरावती /दि.12 – अमरावती शहर में बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए अमरावती महानगरपालिका ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को मनपा के कर वसूली विभाग ने चार संपत्तियों को सील कर दिया, जिनमें पुराना बाईपास रोड स्थित होटल लॉर्डस् व एक सहकारी दूध उत्पादक केंद्र के साथ ही दस्तूरनगर क्षेत्र की दो संपत्तियों का समावेश है। मनपा द्वारा जोन क्र. 2 व जोन क्र. 3 में की गई इस कार्रवाई के चलते दोनों जोन के संपत्ति कर बकायादारों में अच्छा-खासा हडकंप है.
मनपा अधिकारियों के अनुसार पुराने बायपास रोड स्थित ‘होटल लार्ड्स’ पर लगभग 7 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया था। वहीं भूमिपुत्र कॉलोनी स्थित एक दूध उत्पादक केंद्र पर करीब ढाई लाख रुपये का टैक्स लंबे समय से बकाया था। कर वसूली विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया कर जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं होने के कारण दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। मनपा अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार पंचनामा तैयार किया और दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में बकाया कर वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है और जिन संपत्तियों पर टैक्स बकाया है, उनके खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसी अभियान के तहत दस्तूरनगर क्षेत्र में भी एक कमर्शियल हॉल व एक मकान ऐसी दो संपत्तियों को सील किया गया। मनपा से मिली जानकारी के अनुसार संपत्ति क्रमांक 381, जो कमलबाई खंडेलवाल के नाम पर दर्ज है, पर लंबे समय से संपत्ति कर बकाया था। बार-बार नोटिस देने और चेतावनी के बावजूद कर का भुगतान नहीं किए जाने पर मनपा ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए संपत्ति को सील कर दिया। इसके अलावा लतिका किशोर गोरले के कमर्शियल हॉल को भी संपत्ति कर बकाया रहने के चलते सील कर दिया गया.
कार्रवाई के दौरान जोन क्रमांक-3 के सहायक आयुक्त नितिन बोबडे तथा कर वसूली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पंचनामा तैयार कर पूरी की गई। मनपा प्रशासन ने बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अधिक से अधिक बकाया कर वसूलने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिन नागरिकों और व्यापारियों ने अभी तक संपत्ति कर जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ आगे भी सीलिंग, जप्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई के बाद अन्य बकायेदारों में भी हलचल देखी जा रही है। मनपा ने नागरिकों से समय पर संपत्ति कर जमा कर कार्रवाई से बचने की अपील की है। यह कार्रवाई मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त नरेंद्र वानखडे, सहायक आयुक्त नंदकिशोर तिखिले, भूषण पुसतकर, नितिन बोबडे, धनंजय शिंदे व मनोज शहाडे के मार्गदर्शन में सहायक नगर रचनाकार कंचन भावे, उपअभियंता आशीष अवसरे, प्रमोद इंगोले, श्रीरंग तायडे, विवेक देशमुख, जयंत कालमेघ, मंगेश कडू तथा क्षेत्रीय अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव, नर्मदा चव्हाण, शेखर सोनकांबले, संजय निकम, मनोज सारवानी सहित जोन क्र. 2 व 3 के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा की गई.

* अब भी 967 संपत्तियां मनपा प्रशासन की हिटलिस्ट में
मनपा प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक शहर में एक लाख रुपए से अधिक कर संपत्ति कर बकाया रहनेवाले 1029 संपत्ति धारकों में से 62 संपत्तिधारकों ने 34 लाख 93 हजार 759 रुपयों का भुगतान कर दिया है और अब भी 967 संपत्तिधारकों पर करीब 82 करोड 11 लाख 44 हजार 111 रुपए का संपत्ति कर बकाया है. इन संपत्तियों में बडे मॉल, होटल, मार्केट, मंगल कार्यालय, सहकारी संस्थाएं, फ्लैट, इमारते व मकान शामिल है. जिन्हें मनपा ने अपनी हिटलिस्ट पर ले रखा है.

Back to top button