प्रभाग 9 वडाली-एसआरपीएफ का संपूर्ण विकास ही पहली प्राथमिकता
पार्षद ममता आवारे का कथन, प्रभाग में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही

अमरावती /दि.12 – शहर के पूर्व छोर पर बसे और मनपा के सीमावर्ती प्रभाग रहनेवाले प्रभाग क्र. 9 एसआरपीएफ-वडाली का भौगोलिग क्षेत्र काफी अधिक वित्तीर्ण है और इस प्रभाग में रिहायशी इलाकों के साथ-साथ फॉरेस्ट लैंड का भी समावेश है. जिसके चलते इस प्रभाग में शामिल कई रिहायशी इलाकों में आपसी संपर्क की भी सुविधा नहीं है. जिसका सीधा असर इस प्रभाग में विकास कामों पर पडता है. ऐसे में हमारी सबसे पहली प्राथमिकता इस प्रभाग में शामिल सभी रिहायशी इलाकों के समग्र व संतुलित विकास पर ध्यान देने की रहेगी, इस आशय का प्रतिपादन प्रभाग क्र. 9 वडाली-एसआरपीएफ की नवनिर्वाचित पार्षद ममता आवारे द्वारा किया गया.
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ से विशेष तौर पर बातचीत करते हुए पार्षद ममता आवारे ने कहा कि, प्रभाग क्र. 9 वडाली तालाब से लेकर छत्री तालाब तक फैला हुआ है. जिसमें एसआरपीएफ कैम्प से लेकर वडाली, वडरपुरा, महादेव खोरी व मंगलधाम सोसायटी जैसे रिहायशी इलाकों का समावेश है. कुल मिलाकर शहर के पूर्वी छोर से होकर गुजरनेवाले एक्सप्रेस हाईवे के दूसरी ओर बसे हुए सभी रिहायशी इलाकों का समावेश है. जिसके चलते यह प्रभाग सुपर एक्सप्रेस हाईवे के दूसरी ओर रहने के चलते शेष शहर से पूरी तरह कटा हुआ है. साथ ही साथ इस प्रभाग में शामिल रिहायशी इलाकों के बीच भी सडकों का अभाव रहने के चलते आपसी कनेक्टीविटी नहीं है. इसके अलावा विगत कई वर्षों से इस प्रभाग में शामिल रिहायशी इलाकों विशेषकर पिछडी बस्तियों में साफ-सफाई को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया गया. साथ ही साथ इस प्रभाग के कई इलाकों में अंतर्गत रास्तों व स्ट्रीट लाइट का भी सर्वथा अभाव है. जिसके चलते इस प्रभाग में शामिल सभी इलाकों में सबसे पहले तो मूलभूत सेवाओं व सुविधाओं को उपलब्ध कराने की ओर ध्यान दिया जाएगा.
इसके साथ ही पार्षद ममता आवारे ने यह भी कहा कि, शहर की शान और पहचान कहे जानेवाले छत्री तालाब व वडाली तालाब जैसे दोनों प्रमुख तालाब उनके ही प्रभाग में है. जिनके साथ दो बगीचे भी बने हुए थे. परंतु विगत कई वर्षों से इन दोनों तालाबों व उनके साथ जुडे उद्यानों के विकास व सौंदर्यीकरण का काम अधर में लटका हुआ है. इस काम को पूरा कराना भी उनकी पहली प्राथमिकताओं में शामिल है. पार्षद ममता आवारे के मुताबिक इन दोनों तालाबों व उद्यानों के विकास व सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो जाने के बाद जहां एक ओर शहर को एक नई पहचान मिलेगी, वहीं पर्यटन के जरिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे. इसके अलावा पार्षद ममता आवारे ने यह भी कहा कि, वे नगरसेवक होने के नाते अपनी ओर से पूरी इमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निर्वहन करेंगी. साथ ही साथ इसके लिए मनपा प्रशासन का भी पूरा साथ व सहयोग लेंगी और प्रभाग के विकास हेतु जनसहभागिता भी सुनिश्चित कराई जाएगी.





