अकोट के कालंका माता मंदिर में हुई चोरी का पर्दाफाश

रायपुर से अकोला लौटते समय अमरावती के पास आरोपी गिरफ्तार

* आरोपी से किया 7.21 लाख का माल जब्त
अकोला /दि.12 जिलांतर्गत आने वाली अकोट के बहुचर्चित कालंका माता मंदिर में हुई चोरी का पर्दाफाश स्थानीय अपराध शाखा ने कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से कुल 7 लाख 21 हजार रुपए का चोरी का माल बरामद किया है. आरोपी को रायपुर से अकोला लौटते समय अमरावती के पास हिरासत में लिया.
जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को अकोट शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए चंद्रशेखर भीमराव गावंडे ने बताया था कि, बारगण स्थित कालंका माता मंदिर से किसी अज्ञात चोर ने देवी की मूर्ति पर चढे 48 ग्राम सोने, 750 ग्राम चांदी के गहने और दान पेटी से 15 हजार रुपए नगद चोरी कर लिये थे. सामान की कुल कीमत लगभग 4 लाख 54 हजार रुपए बतायी गई थी. इस मामले में अकोट शहर थाने में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई मामले की गंभीरता को देखते हुए अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने जांच स्थानीय अपराध शाखा को सौंप दी. उसके बाद अपराध शाखा प्रमुख पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच शुरु कर दी गई.
तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि, यह चोरी अमोल काशीराम तेलगोटे (39, रिंधोरा, अकोला) ने की है. अमोल तेलगोटे की तलाश में अपराध शाखा की टीम रायपूर तक पहुंची. लेकिन तकनीकी जानकारी से पता चला कि, वह वापस अकोला की ओर रवाना हो चुका है. इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने उसका पीछा करते हुए अमरावती के पास उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी अमोल ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. उसके पास से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बिस्कीट, सोने की अंगूठिया, मोबाइल फोन, आभूषण पिघलाने के उपकरण, हाईड्रोलिक कटर और एक मोटर साइकिल सहित कुल 7 लाख 21 हजार रुपए का माल बरामद किया.

* आरोपी चोरी के सोने को खुद पिघलाकर देता था नया आकार
जांच में सामने आया है कि, आरोपी चोरी करते समय अपना मोबाइल फोन बंद कर देता था और बिना नंबर की मोटर साइकिल का उपयोग चोरी के लिए करता था. चोरी किये गये सोने-चांदी के आभूषणों की पहचान छिपाने के लिए वह उन्हें खुद पिघलाकर नया आकार देता था. इसके लिए आवश्यक सभी उपकरण भी उसके पास से बरामद किये गये.

* 150 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
पुलिस ने बताया कि, इस मामले को सुलझाने के लिए अपराध शाखा की टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की है और आरोपी को पकडने के लिए करीब 1200 किमी से अधिक का सफर तय किया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में अपराध शाखा प्रमुख शंकर शेलके, सहायक पुलिस निरीक्षक विजय चव्हाण, उपनिरीक्षक विष्णु बोडखे, गोपाल जाधव, माजिद पठान तथा पुलिस कर्मियों की टीम ने संयुक्त रुप से की.

Back to top button