स्वच्छ भारत अभियान के तहत पीडीएमसी प्रभाग को कचरामुक्त बनाने पर जोर

नगरसेविका सुरेखा लुंगारे की पहल पर हुआ आयोजन

अमरावती/दि.17 पीडीएमसी प्रभाग में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अमरावती महानगरपालिका के महापौर श्रीचंद तेजवानी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. भाजपा नगरसेविका सुरेखा लुंगारे के पहल पर आयोजित इस बैठक में प्रभाग की स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में नगरसेवक प्रमोद महल्ले, विनोद तानवाईस, मीनल सवई, स्वच्छता विभाग के डॉ. अजय जाधव, प्रभाग के एसआई तथा कोणार्क कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे. चारों नगरसेवकों ने प्रभाग में फैली गंदगी और कचरे की समस्या उठाते हुए कहा कि इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है. नगरसेविका सुरेखा लुंगारे ने बताया कि प्रभाग के कई इलाकों में कचरे के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे मच्छर, मक्खी और कीटाणुओं का प्रकोप बढ़ रहा है. इससे डेंगू, मलेरिया जैसे रोग फैलने की आशंका बनी हुई है. उन्होंने कोणार्क कंपनी से पूछा कि कचरा उठाने के लिए कितनी गाड़ियां उपलब्ध हैं, नालियों की सफाई के लिए कितने कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, झाड़ू लगाने वाली महिलाओं की संख्या कितनी है और कचरा गाड़ियों पर कितने कर्मचारी नियुक्त हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि झोन क्रमांक एक में शुरू होने वाला काम नियमित और प्रभावी तरीके से किया जाना चाहिए.
बैठक में गैलेक्सी होटल रोड, विसावा कॉलोनी रोड, राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज मंदिर के पास, महात्मा फुले कॉलोनी, राठी नगर, गाडगे नगर स्थित चौधरी गली, तपोवन रोड और गंगोत्री कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में कचरे के ढेर लगे होने की समस्या भी उठाई गई. नगरसेवकों ने यह भी बताया कि कचरा ढोने वाली गाड़ियां नवसारी में कचरा डालने के कारण देर से वापस आती हैं, इसलिए वैैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत है. साथ ही पहले कैंप क्षेत्र में आने वाली रोड स्वीपिंग मशीन कई दिनों से दिखाई नहीं दे रही है, उसे नियमित रूप से चलाने की मांग भी की गई. नगरसेवक विनोद तानवाईस और मीनल सवई ने कहा कि पीडीएमसी प्रभाग भौगोलिक दृष्टि से बड़ा है, इसलिए कचरा गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए. वहीं प्रमोद महल्ले ने सात बंगला, भवानी परिसर, गंगोत्री कॉलोनी और नागार्जुन कॉलोनी में कई दिनों तक कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत करते हुए नियमित सेवा सुनिश्चित करने की मांग की. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीडीएमसी प्रभाग एक महत्वपूर्ण और बड़ा क्षेत्र है, इसलिए यहां विशेष ध्यान देते हुए नियमित सफाई अभियान चलाया जाए और प्रभाग को स्वच्छ, कचरामुक्त और प्रदूषणमुक्त बनाया.

Back to top button