महाराष्ट्र के विकास की गुढी हमेशा ऊंची होती रहे
गुढीपाडवा पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का संदेश

मुंबई/दि.19 – आज गुढीपाडवा के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्रवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए विकास और सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया.
गुढीपाडवा के उपलक्ष्य में आयोजित शोभायात्रा में शामिल होते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि यह पर्व नई आशा, नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. राज्यभर में पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-ताशों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला. उन्होंने कहा कि विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलना आवश्यक है. आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति को भी सहेजना हमारी जिम्मेदारी है.
सीएम फडणवीस ने नववर्ष का संकल्प बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाना और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही लक्ष्य होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जो विकास की गुढी खड़ी की गई है, वह निरंतर ऊंचाई प्राप्त करती रहे. इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर राज्य और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोभायात्रा में शामिल नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाते हैं. उन्होंने सभी को पुनः नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.





