कंवर नगर में आयोलाल झूलेलाल का जयघोष
पूज्य पंचायत ने किया पूजन, अर्चन

* सुनील राणा की प्रमुख उपस्थिति
* छमा छम मंडल द्वारा आकर्षक स्वागत नृत्य
* चेट्रीचंड्र पर निकली भव्य शोभायात्रा
अमरावती /दि.21 – सिंध झूलेलाल सेवा मंडल द्वारा चेट्रीचंड्र के अवसर पर आयोजित साईं झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ देशना नगर स्थित झूलेलाल उद्यान से किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य पंचायत कंवर नगर तथा पंडित महेश कुमार शर्मा और पंडित दीपक कुमार शर्मा के हस्ते विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ.
यह शोभायात्रा देशना नगर से प्रारंभ होकर अंबिका नगर, कंवर नगर चौक, शिव मंदिर, वीआईपी अपार्टमेंट, सूरज नगर, प्रेम विहार कालोनी, नाशिककर प्लॉट, सिंधु नगर शदाणी दरबार, शिव कृपा कालोनी होते हुए पुन: झूलेलाल उद्यान, देशना नगर में संपन्न हुई. यात्रा के दौरान शिव मंदिर पर शिव नवदुर्गोत्सव मंडल द्वारा महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा की प्रमुख उपस्थिति रही. वहीं वीआईपी अपार्टमेंट पर मां गंगादेवी छमा छम मंडल द्वारा आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया.
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी. यात्रा में साई झुलेलाल साहेब का बहराणा साहेब, झूलेलाल साईं की प्रतिमा, नरसिंह अवतार, राम दरबार, विष्णु भगवान लक्ष्मी माता सहित विभिन्न आकर्षक झांकियों का समावेश रहा. इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में पूज्य पंचायत कंवर नगर, सिंध झूलेलाल सेवा मंडल, शिव नवदुर्गोत्सव मंडल, सिंध युवा मंच, सिंधु नगर बॉयज ग्रुप, विदर्भ सिंधी विकास परिषद, मां गंगादेवी महिला मंडल सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.