मोसीकॉल के मजदूर नेताओं ने किया विधायक संजय खोडके का अभिनंदन
कारखाने की जमीन बिक्री के ज्वलंत मुद्दे पर आवाज उठाने हेतु दी बधाई

अमरावती /दि.23 – अमरावती शहर के हृदयस्थल विलासनगर क्षेत्र में स्थित महाराष्ट्र राज्य तेलबियाणे वाणिज्य एवं औद्योगिक महामंडल मर्यादित (मोसीकॉल) की लगभग 25 एकड़ बहुमूल्य जमीन की निजी बिक्री हेतु जारी की गई निविदा को राज्य सरकार द्वारा रद्द करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. यह निर्णय शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ है, और इसके पीछे विधायक संजय खोडके के निरंतर प्रयासों का बड़ा योगदान रहा है. इस निर्णय की पृष्ठभूमि में मोसीकॉल के मजदूर नेता संतोष देशमुख, अनीस खान एवं रहमत खान ने विधायक संजय खोडके से प्रत्यक्ष भेंट कर उनका हृदय से अभिनंदन किया. इस दौरान जमीन के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा भी की गई.
इस मुलाकात के दौरान मोसीकॉल के मजदूर नेताओं ने विधायक संजय खोडके को बताया कि, मोसीकॉल के मजदूरों ने वर्ष 1988 से ही मजदूरों पर हो रहे आर्थिक अन्याय तथा इस जमीन की निजी बिक्री के प्रयासों का कड़ा विरोध किया था. लगभग 22 वर्षों तक (2010 तक) चले इस लंबे आंदोलन में मजदूरों ने एकजुट होकर संघर्ष किया. उनकी मांग स्पष्ट थी-यह जमीन निजी हाथों में न देकर अमरावती के औद्योगिक विकास, सार्वजनिक उपयोग अथवा जनहित के प्रकल्पों के लिए उपयोग में लाई जाए. ऐसे में इसी मुद्दे को लेकर विगत 13 मार्च को विधायक संजय खोडके ने विधान परिषद में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसके फलस्वरूप सरकार ने निविदा प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय लिया. मुलाकात के दौरान विधायक खोडके ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस जमीन का उपयोग अमरावती के सर्वांगीण विकास और जनहित के लिए ही किया जाएगा, इसके लिए वे ठोस प्रयास करते रहेंगे.
इस समय मोसीकॉल के मजदूर नेताओं ने यह भी कहा कि, सरकार के इस निर्णय से अमरावती में संतोष का वातावरण है. शहर के भविष्य के विकास को नई दिशा मिलने की आशा व्यक्त की जा रही है. मजदूर संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक खोडके की जनहितकारी भूमिका की सराहना की है.





