मामूली कारण पर से दिनदहाडे युवक की हत्या
यवतमाल जिले के नेर शहर की घटना

नेर /दि.25 – मामूली कारण पर से हुए विवाद में गांव के ही कुछ युवकों ने पानसेंटर के संचालक शहबाज खान तसदीक खान पठान (37) की तीक्ष्ण हथियार से वार कर हत्या कर दी. 5 से 6 वार किए जाने से वह खून से सनी हालत में नीचे गिर पडा. उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. नेर शहर के नबाबपूर परिसर के इलिगंट इंग्लिश स्कुल के पास मंगलवार 24 मार्च को दोपहर 12 बजे के दौरान यह घटना घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक सुबह 10 बजे के दौरान शहबाज खान का उसकेे घर के पास कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. यह विवाद वहीं निपट गया था. लेकिन दोपहर के समय जब शहबाज खान अपना पानसेंटर बंद कर घर की तरफ जा रहा था तब सुबह हुए मामूली विवाद को लेकर कुछ युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में शहबाज गंभीर रूप से घायल हो गया. क्षेत्र के नागरिक और उसके भाई ने तत्काल ग्रामीण अस्पताल में उसे भरती किया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. मृतक शहबाज के पीछे माता-पिता, पत्नी, दो बेटी और एक बेटे समेत तीन भाईयों का भरापूरा परिवार हैं. इस घटना से परिसर में दहशत निर्माण हो गई हैं. घटना की जानकारी मिलते ही अपराध शाखा का दल और नेर पुलिस स्टेशन के अधिकारी अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अस्पताल में मृतक के परिवार और रिश्तेदारों की भारी भीड जमा हो गई थी. पुलिस ने जांच तत्काल शुरू कर आरोपी साहित मो. इस्माईल (21), फैजान खान जमील खान उर्फ सोनू (24) और उजेफ खां एजाज खां (19) को गिरफ्तार कर लिया हैं. प्रकरण की जांच थानेदार अनिल बेहरानी के मार्गदर्शन में नेर पुलिस आगे कर रही हैं.





