मेडिकल कॉलेजव अस्पताल के लिए जमीन हस्तांतरण को मंजूरी
सीएम फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य सरकार का निर्णय

* पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जताया आभार
अमरावती / दि.25 – जिले के आलियाबाद में 100 छात्र प्रवेश क्षमता वाले नये शासकीय मेडिकल कॉलेज तथा उससे संलग्न 430 बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. इस परियोजना के लिए कुल 11.29 हेक्टेयर जमीन को वैद्यकीय शिक्षा एवं औषधी विभाग को अंतरिम रूप से हस्तांतरण की मंजूरी दी गई है.
महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 तथा संबंधित नियमों और शासन निर्णयों के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए यह जमीन भोगवटदार वर्ग- 2 के अधिकार से मूल्य रहित तथा कब्जा हक के साथ प्रदान की जायेगी. इस निर्णय से अमरावती जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक मजबूत होगी और चिकित्सा शिक्षा को भी बढावा मिलेगा. स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी और संपूर्ण विदर्भ के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी. राजस्व मंत्री और जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि अमरावती जिले के पालकमंत्री के रूप में इस निर्णय को मंजूरी देने के लिए मैं राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.





