पुलिस आयुक्त के जनता दरबार में 191 शिकायते दर्ज

166 का किया निपटारा, 25 की जांच शुरू

अमरावती/दि.24 – शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला के जनता दरबार में अब तक कुल 191 शिकायते प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 166 शिकायतों का निवारण किया जा चुका हैं. शेष 25 शिकायतों की जांच जारी हैं.
इन शिकायतों में धोखाधडी साइबर अपराध, महिला प्रताडना सहित कई अन्य गंभीर मामले शामिल हैं. शहर पुलिस आयुक्तालय में 7 फरवरी से जनता दरबार की शुरूआत हुई थी. जो पहले हर शनिवार को लिया जाता था. लेकिन हाल ही में बदलाव करते हुए इसे मंगलवार को आयोजित किया जा रहा हैं. मंगलवार को हुए जनता दरबार में करीब 35 शिकायते आई थी.
जनता दरबार में आ रही शिकायतों में धोखाधडी और साईबर अपराध के मामले भी बढे है. लोगों ने ऑनलाइन ठगी, बैंक धोखाधडी और अन्य वित्तीय अपराधों की शिकायतें की हैं. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए ऐसी घटनाओं को तुरंत पकडने के लिए तकनीकी उपायों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं. राकेश ओला ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इन मामलों पर सख्त कार्रवाई की बात की हैं. उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों को महिलाओं से जुडे मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और पीडितों को तुरंत न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद प्रदान करने की सूचना दी हैं.

* पुलिस आयुक्त के आदेश पर ठगबाज गिरफ्तार
एक प्रमुख मामले में नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में आभूषण लेकर ठगने का आरोप तथा इस मामले में पुलिस आयुक्त राकेश ओला के तत्काल आदेश पर कार्रवाई की गई और एमपीआईडी (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया. इस कार्रवाई के बाद दो माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बडी सफलता मानी जा रही हैं, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस उसे ढूंढने में लगी थी.

* पुलिस प्रशासन और जनता के बीच का संवाद
राकेश ओला ने जनता दरबार के आयोजन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कदम है ताकि पुलिस प्रशासन और जनता के बीच का संवाद मजबुत हो सके. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार जनता के साथ जुडकर उनके समस्याओं का समाधान करेगा और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.

Back to top button