राम नवमी व हनुमान जयंती को लेकर अमरावती पुलिस अलर्ट

सीपी राकेश ओला ने शांति बनाए रखने के जारी किए निर्देश

अमरावती /दि.26 – श्री राम नवमी 26 मार्च और हनुमान जयंती 2 अप्रैल के मद्देनजर अमरावती पुलिस आयुक्तालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी क्रम में 24 मार्च को कोतवाली पुलिस थाने में पुलिस आयुक्त राकेश ओला की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में सर्किल 1 व 2 के उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थानेदार, शोभायात्रा आयोजक, गणमान्य नागरिक और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
इस दौरान आयोजकों द्वारा उठाए गए मुद्दों जैसे पेड़ों की शाखाएं, बिजली व केबल तार तथा स्ट्रीट लाइट की मरम्मत पर चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए. पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर साइबर टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी. जुलूस मार्ग की निगरानी सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी. जुलूस में हथियार, लाठी, ज्वलनशील वस्तुएं, आपत्तिजनक गाने व दृश्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.
शहर में सुरक्षा के लिए 3 पुलिस उपायुक्त, 3 सहायक पुलिस आयुक्त, 20 पुलिस निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक/कर्मचारी, लगभग 1250 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, आरसीपी, क्यूआरटी टीमें और राज्य आरक्षित पुलिस बल की 1 कंपनी, 300 होमगार्ड तैनात रहेंगे. इसके अलावा 14 सीआर मोबाइल, 10 दामिनी टीमें, बीट मार्शल और डायल 112 वाहन लगातार गश्त करेंगे. संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चौकियां स्थापित की जाएंगी.
पुलिस आयुक्तालय ने महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) के तहत आदेश जारी करते हुए आपत्तिजनक नारेबाजी, झंडे या पोस्टर, सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले कृत्य, भीड़ के कारण झड़प या अशांति फैलाने वाली गतिविधियां पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दोनों त्योहार शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button