40 डिग्री की मार में भी ‘प्याऊ’ नदारद
भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे लोग

अमरावती /दि.26 – विदर्भ में भीषण गर्मी में तेवर दिखाने शुरु कर दिए है. संभाग में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सीयस का आंकडा छू चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. ऐसे में सबसे बडी राहत मानी जानेवाली मुफ्त पेयजल व्यवस्था ‘प्याऊ’ इस बार नदारद है. हालात यह है कि, प्यास बुझाने के लिए लोगों को भटकना पड रहा है. शहर की स्थिति भी चिंताजनक ही है. भीषण गर्मी के बावजूद महानगर पालिका प्रशासन की ओर से शहर में पर्याप्त ‘प्याऊ’ की व्यवस्था नहीं की गई है. मुख्य मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था न होने से नागरिकों में नाराजगी बढ रही है.
शहर में हर साल गुढीपाडवा के बाद प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार और रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में दानदाताओं व सामाजिक संस्थाओं की ओर से ‘प्याऊ’ शुरु किए जाते थे. इससे यात्रियों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को बडी राहत मिलती थी. लेकिन इस वर्ष यह व्यवस्था बेहद सीमित रह गई है. कई पारंपरिक ‘प्याऊ’ बंद हो चुके है और जो है वे भी नाममात्र के रह गए है. गर्मी से बेहाल नागरिकों का कहना है कि, पहले हर चौक पर ‘प्याऊ’ हुआ करते थे. लेकिन अब पानी के लिए पैसे खर्च करने पड रहे है. रिक्शा चालकों और दिहाडी मजदूरों को दिनभर काम के दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है. इस पृष्ठभूमि में नागरिकों ने सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और दानदाताओं के साथ ही महानगर पालिका से भी तत्काल पहल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि, बढते तापमान के बीच प्यासे लोगों को पानी उपलब्ध कराना केवल परंपरा नहीं, बल्कि प्रशासन और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है.





