मक्का खरीदी के नाम पर किसानों के साथ धोखाधडी
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल येवले का आरोप

धारणी /दि.26 – मेलघाट क्षेत्र के आदिवासी विकास महामंडल द्वारा मक्का खरीदी के नाम पर आदिवासी किसानों के साथ धोखाधडी किए जाने का मामला सामने आया है. जिसमें किसानों ने शिकायत की है कि, खरीदी केंद्रों पर पंजीकरण के बावजूद न तो समय पर मक्का खरीदा जा रहा है और न ही खरीदी किए गए मक्का का भुगतान किया गया है. इस गंभीर मामले को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल येवले नेे गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि, चितराम सेलुकर नामक आदिवासी किसान अपना मक्का लगभग 35 क्विंटल ट्रैक्टर में भरकर आवागढ से सेमाडोह खरीदी केंद्र पर पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों ने बिना किसी ठोस कारण बताए उसे वापस लौटा दिया. इस घटना से अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठ रहे है.
जानकारी के अनुसार प्रत्येक खरीदी केंद्र पर 500 से 600 आदिवासी किसानों का पंजीकरण किया गया था. लेकिन 4 महिने बीत जाने के बाद भी केवल 100 से 150 किसानों से ही मक्का खरीदी गई. जिन किसानों से मक्का खरीदा गया है, उन्हें अब तक भी भुगतान नहीं किया गया है. जिससे किसानों में भारी नाराजगी है. राहुल येवले ने कहा कि, यह पूरा मामला अत्यंत गंभीर है और इसमें किसी बडे गडबडझाले की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रशासन और संबंधित अधिकारी जानबुझकर किसानों को परेशान कर रहे है. उन्होंने मांग की है कि, सभी पंजीकृत किसानों से तुरंत मक्का खरीदी की जाए और जिन किसानों का भुगतान लंबित है, उन्हें तत्काल भुगतान किया जाए.
साथ ही राहुल येवले चेतावनी दी कि, यदि किसानों का मक्का समय पर नहीं खरीदा गया, तो युवक कांग्रेस आंदोलन करेगी. येवले ने कडे शब्दों में कहा कि, इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी. यदि जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया, तो किसानों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा. इस मुद्दे को लेकर मेलघाट क्षेत्र के किसानों में आत्मविश्वास बढता जा रहा है और अब प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खडे हो रहे है.





