सीपी ऑफीस में पुलिस कर्मी ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत
क्यूआरटी पथक के पुलिस कर्मी विजय नागापुरे ने उठाया आत्मघाती कदम

* अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद पर गोली चलाकर की आत्महत्या
* पुलिस आयुक्तालय के क्यूआरटी कक्ष की घटना
* फायरिंग की आवाज सुनते ही सीपी ऑफीस में मचा हडकंप
* पुलिस कर्मी के आत्मघाती कदम से मची जबरदस्त सनसनी
* घटना की वजह अज्ञात, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर, जांच जारी
अमरावती/दि.26- शहर के पुलिस आयुक्तालय (सीपी ऑफिस) परिसर में गुरुवार को एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई, जब क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) में तैनात एक पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. आत्महत्या कारनेवाले क्यूआरटी जवान का नाम विजय नागापुरे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, क्यूआरटी दल के पुलिसकर्मी विजय नागापुरे ने पुलिस आयुक्तालय स्थित क्यूआरटी कक्ष में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद पर गोली चला दी. गोली लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय कार्यालय में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे.
अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे सीपी ऑफिस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस कर्मी और अधिकारी तुरंत मौके की ओर दौड़े. गंभीर रूप से घायल अवस्था में विजय नागापुरे को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पुलिसकर्मी ने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर का इस्तेमाल करते हुए आत्मघाती कदम उठाया.
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है. सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है तथा मृतक के पारिवारिक व व्यक्तिगत पहलुओं की भी जांच की जाएगी, ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके. इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है. सहकर्मी और अधिकारी स्तब्ध हैं और इसे एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
* सुबह मुख्यालय के मैदान पर चेहरे पर थी खुशी
क्यूआरटी जवान विजय नागापुरे आज सुबह पुलिस मुख्यालय के मैदान पर पहुंचा था. उस समय वह काफी खुश नजर आ रहा था. उसने मैदान पर पहुंचते ही अपने सहयोगी कर्मियों के साथ क्रिकेट भी खेला. तब वह काफी हस्ता खेलता था. सभी से वह नम्रता से बात कर रहा था. किसी को पता नहीं था कि विजय इस तरह का घातक कदम उठाएंगा.
* खेलने के बाद जवानाेंं के साथ गया क्यूआरटी रूम में
सूत्रों के मुताबिक क्यूआरटी जवान विजय नागापुरे मुख्यालय के मैदान पर क्रिकेट खेलने के बाद सुबह 9.30 बजे अपने सहयोगी जवानों के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय के तलघर में स्थित क्यूआरटी रूम में गया था. बताया जाता है कि विजय की नाईट ड्यूटी थी. ड्यूटी समाप्त होने पर वह अपनी पिस्टल जमा करने के लिए सहयोगी जवानों के साथ कमरे में गया था. लेकिन सहयोगी जवान के बाहर निकलते ही सर्विस पिस्टल से निकली गोली की आवाज सुनकर सहयोगी जवान समेत आयुक्तालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल की तरफ दौड पडे. लेकिन तब तक विजय नागापुरे की मृत्यु हो गई थी.
* ग्लॉक पिस्टल से चलाई थी गोली
सूत्रों के मुताबिक क्यूआरटी के सभी जवानों के पास ग्लॉक पिस्टल हैं. मृतक जवान विजय नागापुरे को पिस्टल के साथ 30 राउंड दिए गए थे. उसकी मृत्यु के बाद पुलिस अधिकारियों ने जब क्यूआरटी रूम में जाकर जायजा किया तो उसके पास से 23 राउंड मिले. ग्लॉक पिस्टल में एकसाथ 15 राउंड बैठ सकते हैं. अपने सहयोगी जवानों के बाहर निकलने के बाद विजय ने अपनी ही सर्विस पिस्टल से खुद पर गोली चलाकर आत्महत्या कर ली.
* सिर से निकली आर-पार गोली
सूत्रों के मुताबिक जवान विजय नागापुरे ने अपनी कनपटी पर पिस्टल तानकर खुद को गोली मारी. जब पुलिस जवान वहां दौडे तो विजय खून से सनी अवस्था में नीचे मृतावस्था में पडा था. गोली कनपटी से आरपार निकलकर सामने कमरे की दीवार पर चली गई. इस गोली का खोका पुलिस को बरामद हुआ.
* आर्थिक लेनदेन बाबत चर्चा
सूत्रों के मुताबिक विजय नागापुरे ने अनेक लोगों से पैसे लिए थे. यह पैसे संबंधितों को वापस लौटाने की चिंता में वह रहता था. पैसे किन-किन लोगों से लिए थे, इस बाबत कोई जानकारी नहीं मिल पाई हैं. लेकिन पुलिस महकमे में इस बाबत चर्चा जारी हैं. आर्थिक लेनदेन को लेकर ही बढते तनाव के चलते विजय ने यह घातक कदम उठाया रहने की चर्चा हैं.
* पिता और तीन भाईयों का परिवार
विजय नागापुरे अपने दो भाई और पिता के साथ धामणगांव रेलवे में रहता था. अमरावती में कार्यरत रहने के कारण वह अमरावती शहर के सुंदरलाल चौक परिसर में किराए के कमरे में रहता था. उसका एक भाई भी पुलिस में कार्यरत हैं. पिता और एक भाई धामणगांव में रहते हैं. दो वर्ष पूर्व मां का निधन हो गया था. मां के निधन से भी वह सदमे में था.
* बैंक अकाउंट और मोबाईल की जांच
मृतक विजय नागापुरे शेअर मार्केट में भी पैसों का निवेश करता था, ऐसी चर्चा हैं. इस कारण पुलिस उसके बैंक अकाउंट और मोबाईल की जांच करनेवाली हैं. इस घटना से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया है. घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त हैं.
* आला अफसर पहुंचे घटनास्थल
सुबह के समय क्यूआरटी जवान विजय नागापुरे द्बारा खुद को ही गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना प्रकाश में आते ही पुलिस आयुक्त कार्यालय में मौजूद पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त गणेश शिंदे, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण, फ्रेजरपुरा के थानेदार रोशन शिरसाठ अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहुंचे. घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस द्बारा पंचनामा किया गया और शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. मामले की जांच फ्रेजरपुरा पुलिस आगे कर रही हैं.
* घटना दुखद, जांच जारी
क्यूआरटी जवान विजय दिलीप नागापुरे (ब.नं. 1838) ने पुलिस मुख्यालय के बेसमेंट में अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. चार साल से विजय क्यूआरटी में तैनात था. उसका ड्युटी में काफी अच्छा रिकार्ड था. काम में वह अच्छा था. आत्महत्या का कोई ठोस कारण पता नहीं चला हैं. लेकिन आर्थिक लेन-देन की बात सामने आई हैं. विजय की माता का भी दो साल पहले निधन हुआ था. हर पहलुओं पर नजर रख जांच की जा रही हैं.
– गणेश शिंदे,
पुलिस उपायुक्त अमरावती शहर.
* घटना को लेकर अनेक सवाल
विजय नागापुरे ने नाईट ड्यूटी की और सुबह मैदान पर जवानों के साथ क्रिकेट भी खेला. सभी का कहना था कि वह खेलते समय खुश नजर आ रहा था और सभी से बातचीत कर रहा था. लेकिन उसके तुरंत बाद ऐसा क्या हुआ कि उसने तत्काल क्यूआरटी कमरे में जाकर अपनी ही सर्विस पिस्टल से खुद पर गोली चलाकर आत्महत्या कर ली. यह घटनाक्रम अनेक सवाल खडे करता हैं. क्योंकि खेलकूद के बाद किसी की ऐसी मानसिकता नहीं रहती कि वह तत्काल आत्महत्या कर ले. लेकिन यह पूरा घटनाक्रम अधिकारियों के मुताबिक आत्महत्या का बताया गया हैं. इस कारण जांच में आगे क्या सामने आता हैं उसी पर सभी का ध्यान केंद्रीत हैं.
————





