बडनेरा में रामनवमी का भव्य उत्सव
जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर, जगह-जगह हुआ स्वागत

* खिचडी और शरबत का हुआ वितरण
अमरावती/दि.28 – बडनेरा शहर में राम नवमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया. पूरे क्षेत्र में जय श्री राम के गगनभेदी नारे गूंजते रहे और भव्य शोभायात्रा ने बडनेरा को मानो राममय कर दिया.
श्री रामनवमी जयंती उत्सव समिति द्वारा न्यू वस्ती और ओल्ड वस्ती क्षेत्रों में बड़े उत्साह के साथ आयोजन किया गया. निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. ढोल-नगाड़ों और बिगुल की गूंज के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे. शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रथ पर विराजमान भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा रही. इसके साथ ही रामायण के विभिन्न प्रसंगों को दर्शाती आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. इस वर्ष महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही. पारंपरिक वेशभूषा में सजी बड़ी संख्या में महिलाओं ने जुलूस में हिस्सा लिया, जिससे उत्सव की शोभा और बढ़ गई. वहीं युवाओं ने भी आयोजन की जिम्मेदारी संभालते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया. हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने शहर में भक्ति, एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश दिया. पूरे आयोजन में अनुशासन और श्रद्धा का सुंदर समन्वय देखने को मिला. इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बडनेरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील चव्हाण के नेतृत्व में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया. साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की नियुक्ति की गई.





