अमरावती में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान

अमरावती /दि.31 – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमिटी के आदेश के मुताबिक देशभर में तथा महाराष्ट्र में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है. इस पृष्ठभूमि पर जिला कांग्रेस कमिटी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की तरफ से निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है.
हरियाणा के आफताब अहमद की मुख्य निरीक्षक के रुप में नियुक्ति की गई है. निरीक्षक के रुप में धीरज देशमुख, डॉ. झीशान हुसैन और रामविजय बुरुंगले का समावेश है. चारों निरीक्षक शुक्रवार 3 अप्रैल को सुबह 10 बजे अमरावती के कांग्रेस भवन, शिवटेकडी पर शहर कांग्रेस कमिटी के साथ विस्तृत चर्चा करने के लिए उपस्थित रहनेवाले है. इस बैठक के लिए अमरावती शहर कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, नगरसेवक, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई तथा अनुसूचित जाति-जनजाति, अल्पसंख्यांक, सेवादल, शिक्षक, विधि, व्यापारी, स्नातक, उत्तर भारतीय, ओबीसी, सहकार, सोशल मीडिया, सांस्कृतिक और ट्रांसपोर्ट सेल के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को बडी संख्या में उपस्थित रहने का आवाहन अमरावती शहर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत ने किया है.

Back to top button