दो दिनों बाद मिला दुपहिया सवार का शव

तिवसा/दि.2– दुपहिया पर खाली सिलेंडर लेकर जीजा के यहां जा रहे टाकरखेडा पूर्णा निवासी युवक की दुपहिया दुर्घटना में सार्सी से तिवसा मार्ग पर सोमवार की रात 9 बजे मृत्यु हो गई. बुधवार को परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए तिवसा उपजिला अस्पताल पहुंचाया. मृतक युवक का नाम अंकुश पांडुरंग अमझरे है.
जानकारी के मुताबिक अंकुश के जीजा भारसवाडा में रहते हैं. उनके पास गैस एजेंसी है. गैस सिलेंडर की किल्लत निर्माण होने से वह एमएच 27/ सीटी-6389 क्रमांक की दुपहिया से भारसवाडा सिलेंडर लेने के लिए जा रहा था. लेकिन बीच रास्ते में उसका मोबाइल गुम होने से उसने अन्य व्यक्ति के मोबाइल से परिवार से संपर्क किया और अपना मोबाइल गुम होने की जानकारी दी. पश्चात एक मोड पर उसकी दुपहिया स्लीप हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इस हादसे में अंकुश की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. परिवार के सदस्यों को लगा कि अंकुश जीजा के यहां ही रूका हुआ है. बाद में उसकी तलाश शुरू की गई. लेकिन कहीं पता नहीं चला. आखिरकार जंगल में जा रहे नागरिकों को सडक किनारे गढ्ढे में दुपहिया के साथ अंकुश का शव बरामद हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

Back to top button