साईंनगर में नोएन्ट्री में दौड रहे बडे वाहन

विद्यार्थियों की जान को बताया खतरा

* मूकबधीर शाला सहित साईबाबा विद्यालय है क्षेत्र में
अमरावती/दि.3- साईंनगर परिसर में मूकबधीर शाला और साईबाबा विद्यालय सहित कोचिंग क्लासेस की बहुतायत होने के साथ सबेरे से ही विद्यार्थियों का पैदल, साइकिल, टूव्हीलर पर आना-जाना चलता है. इसके बावजूद यहां नो एन्ट्री में भी बडे वाहन, ट्रक, टिप्पर चलते हैं. जिससे विद्यार्थियों की जान को खतरा होने की शिकायत क्षेत्र के निवासी कर रहे हैं. उन्होंने यातायात विभाग से बडे वाहनों की कम से कम नोएन्ट्री के समय अंकुश लगाने की मांग की है. यातायात निरीक्षक प्रवीण वांगे ने भरोसा दिलाया कि साईनगर चौक पर शीघ्र यातायात सिपाही तैनात रहेगा और नोएन्ट्री में आनेवाले वाहनों पर कार्रवाई करेगा.
परिसर के लोगों ने आरोप लगाया कि गिट्टी, रेत, बोल्डर ढोनेवाले हाइवा ट्रक, टिप्पर इन भागों में सरपट दौडते हैं. यातायात सिपाही न रहने से चालकों की हिम्मत और वाहनों की रफ्तार बढ जाती है. अकोली रेलवे क्रॉसिंग को पार कर यह टिप्पर ट्रक चांदुरी मार्ग से रिंगरोड होते हुए शहर से बाहर निकलते हैं. ऐसे में यहां किसी दिन दुर्घटना की आशंका सच हो सकती है. साई मंदिर के दर्शन हेतु नित्य बडी संख्या में भाविक उमडते हैं.
साईनगर चौराहे के पास तखतमल विद्यालय है तो इसके पीछे साईबाबा विद्यालय और इंदिरा पालेकर विद्यालय है. बुलिदान राठी मुकबधीर विद्यालय भी यहां अकोली रोड पर है. कई कोचिंग क्लासेस होने से पूरे दिन विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है. अत: भारी वाहनों पर कम से कम नो एन्ट्री दौरान रोक लगाने की मांग साईनगर के नागरिकों ने की है.
क्या कहते हैं अधिकारी
यातायात निरीक्षक प्रवीण वांगे ने कहा कि अगले दो दिनों में वे परिसर का दौरा करेंगे. वहां साईनगर चौक पर यातायात सिपाही तैनात किया जायेगा. नो एन्ट्री में आनेवाले वाहनों पर अवश्य अंकुश लगाया जायेगा.

Back to top button