जानलेवा हमले में घायल कुख्यात तडीपार ने तोडा दम
हत्याकांड का बदला लेने के लिए आरोपियों ने किया था चाकू से हमला

* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के संतोषी नगर की एक सप्ताह पूर्व की घटना
* एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
* मृतक युवक के घर के सामने तगडा पुलिस बंदोबस्त
अमरावती/दि.4- कुछ वर्ष पूर्व शोभानगर में घटित पाल हत्याकांड का बदला लेने के लिए गत 24 मार्च को कुख्यात तडीपार पर तीन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया था. इस कुख्यात की उपचार के दौरान 3 अप्रैल को मृत्यु हो गई. इस प्रकरण में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक आरोपी फरार बताया जाता है. मृतक युवक का नाम मयूर किशोर सोलंके है. आज मृतक युवक का अंतिम संस्कार रहने से वॉलकट कम्पाउंड स्थित उसके निवासस्थान पर पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया था.
जानकारी के मुताबिक कुछ वर्ष पूर्व शोभा नगर में घटित पाल हत्याकांड में मृतक मयूर किशोर सोलंके शामिल था. उस समय वह नाबालिग था. लेकिन अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण उस पर अनेक मामले दर्ज हुए थे. उसकी अपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसे तडीपार किया था. कुछ दिन पूर्व ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था. पश्चात वह मुंबई चला गया था. 24 मार्च को सुबह मयूर सोलंके मुंबई से आया रहने की जानकारी मृतक पाल के दोस्तों को मिली. मयूर अपने दोस्तों के साथ संतोषी नगर गार्डन परिसर में बैठा रहने की जानकारी मिलने पर सॉटया, चिठ्ठया और एक अन्य साथी वहां पहुंचे. सॉटया और चिठ्ठया ने मयूर को देखते ही उस पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में मयूर सोलंके गंभीर रुप से घायल हो गया था. उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था. मयूर सोलंके पर आरोपियों ने पेट और सिर पर चाकू से सपासप वार किये थे. उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था. जहां उपचार के दौरान उसकी 3 अप्रैल को मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी गाडगे नगर पुलिस को मिलते ही पुलिस का दल तत्काल अस्पताल पहुंचा. पश्चात हत्या का मामला दर्ज कर आदित्य पुनसे व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया. जबकि एक अन्य फरार बताया जाता है. इस घटना को पाल हत्याकांड से जोडा जा रहा है. मामले की जांच गाडगे नगर पुलिस आगे कर रही है.
* निवासस्थान पर तगडा बंदोबस्त
मयूर सोलंके की 3 अप्रैल को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद शनिवार को सुबह उसका पोस्टमार्टम कर शव परिजनो ंको सौंपा गया. मृतक युवक वॉलकट कम्पाउंड परिसर के झेनिथ हॉस्पिटल के पीछे रहता है. सुरक्षा की दृष्टि से उसके निवासस्थान पर कोतवाली पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया था. थानेदार मनोहर कोटनाके के नेतृत्व में पुलिस जवान समेत आरसीपी के जवान भी तैनात थे.





