युवक की धमकियों से परेशान युवती ने की आत्महत्या
युवती को बदनाम कर तय रिश्ता तोडने की धमकी देता था युवक

* जलगांव जामोद तहसील के पलसी सुपो गांव की घटना
बुलढाणा/दि.7 – बुलढाणा जिले की जलगांव जामोद तहसील अंतर्गत पलसी सुपो गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक युवक द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों से परेशान होकर 21 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने इस मामले में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, जलगांव-जामोद तहसील के पलशी सुपो गांव की रहने वाली युवती का विवाह 9 मई को तय हुआ था. इसी बीच गांव के ही गौरव खंडारे (22) को इस शादी के बारे में जानकारी मिलते ही उसने युवती को परेशान करना शुरू कर दिया. जिसके तहत गौरव खंडारे ने उक्त युवती को धमकी दी कि यदि उस युवती ने उससे यानि गौरव खंडारे से शादी नहीं की, तो वह उसके साथ लिए गए कुछ फोटो उसके होने वाले पति को भेज देगा. युवती ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार ने गौरव खंडारे को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन उसने इसके बावजूद उक्त युवती उत्पीड़न जारी रखा. इसी दौरान पूरे मामले की जानकारी होने पर युवती के ससुराल पक्ष ने रिश्ता करने से मना करते हुए शादी तोड़ दी. इससे मानसिक रूप से आहत युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
इस संबंध में जलगांव-जामोद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.