रेल्वे ब्रिज की सुरक्षा दीवार और फुटपाथ जमींदोज

मुख्य ढांचे को गिराने का काम हुआ शुरु

* कडी धूप के कारण रात के समय चल रही तोडने की प्रक्रिया
अमरावती /दि.9– अमरावती शहर की लाइफलाइन माने जाने वाला राजकमल से रेल्वे स्टेशन की तरफ आने वाले रेल्वे ब्रिज को जमींदोज करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. वर्तमान में दिन में कडी धूप रहने के कारण तोडने का यह कार्य रात के समय किया जा रहा है. इस रेल्वे ब्रिज की सुरक्षा दीवार और फुटपाथ को जमींदोज करने के बाद अब मुख्य ढांचे को तोडने का कार्य शुरु किया गया है.
लोकनिर्माण विभाग द्वारा इस रेल्वे ब्रिज का निर्माण किया जाने वाला है. मुंबई के मक्ते एसोसिएट्स नामक कंपनी को इस जर्जर रेल्वे ब्रिज को तोडने का ठेका मिला है. शुरुआत में यह काम काफी धीमी गति से चल रहा था. लेकिन अब तोडने के इस कार्य को गति मिली है. रेल सेवा अबाधित रखते हुए काफी सावधानीपूर्वक इस ब्रिज को तोडने का काम जारी है. संबंधित ठेकेदार के कामगारों द्वारा रेल्वे ब्रिज की सुरक्षा दीवार और फुटपाथ को तोडा गया है. वर्तमान में कडी धूप के कारण तोडने का कार्य रात के समय चल रहा है. समय-समय पर रेल्वे ब्लॉक कर बिजली आपूर्ति को बंद कर इस कार्य को अंजाम दिया जा रहा है. रात के समय तोडने का कारण यह भी है कि, दिन में कोई रेल सेवा प्रभावित न हो. 12 मार्च से रेल्वे ब्रिज को तोडने की प्रक्रिया शुरु हुई. शुरुआत में पुल के डांबरीकरण को उखाडा गया. तत्पश्चात बडी सावधानीपूर्वक सुरक्षा दीवार और फुटपाथ को तोडकर पुल का वजन कम किया गया है. अब ब्रिज के मुख्य ढांचे को डैश कटर और अत्याधुनिक मशीन की सहायता से काटा जाने वाला है. इसे थोडा समय लगने की संभावना है.

* ‘वाई टाइप’ डिझाइन में निर्माण होगा नया ब्रिज
सूत्रों के मुताबिक राजकमल के इस रेल्वे ब्रिज को तोडने के बाद वाई टाइप डिझाइन में निर्मित किया जाएगा. पैदल जाने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग के साथ ही पुल के नीचे वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. भविष्य की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए इस रेल्वे ब्रिज का निर्माण किया जाएगा.

Back to top button