लडकियों की ‘लाइक’ पर रहती थी अयान की नजर

18 हजार फालोअर्स रहनेवाले ‘व्लॉगर’ ने ऐसे बिछाया जाल

* चैटिंग के जरिए युवतियों से बढाता था संपर्क और परिचय
* मीठी-मीठी बातें करते हुए फांसता था जाल में
* अपनी ‘मर्दानगी’ व ‘पाप्युलैरिटी’ दिखाने रचा था पूरा खेल
अमरावती/दि.17 – सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लडकियों व युवतियों के साथ जान-पहचान बढाते हुए उन्हें अपने जाल में फांसने और फिर उनका यौन शोषण करते हुए उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो-वीडियो निकालकर उनके ब्लैकमेल करने के मामले में धरे गए अयान अहमद को लेकर अब यह जानकारी सामने आई है कि, अयान अहमद द्वारा सोशल मीडिया के जरिए ‘व्लॉगिंग’ का काम किया जाता है और उसके 18 हजार फॉलोअर्स भी है, जिनमें कई लडकियों का भी समावेश है. ऐसे में सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट पर आनेवाली लडकियों की हर एक कमेंट और लाइक पर अयान अहमद की नजर रहा करती थी और जब भी किसी युवती द्वारा उसकी पोस्ट पर कमेंट या लाइक की जाती थी, तो अयान अहमद तुरंत ही उन्हें रिप्लाइ देते हुए उनसे चैटिंग करना शुरु करता था और फिर धीरे-धीरे मीठी-मीठी व चिकनी-चुपडी बातें करते हुए उन्हें अपने प्रेमजाल में फांसने के लिए ‘ट्रैप’ बिछाया करता था. उसके द्वारा फेंके गए इस जाल में फंसनेवाली युवतियों को वह आगे चलकर खुद से मिलने हेतु अलग-अलग स्थानों पर बुलाया करता था. जिसके तहत मुलाकातों का सिलसिला किसी कैफे से शुरु होकर अयान के किराए वाले फ्लैट के कमरे तक पहुंचता था. जहां पर अयान उन युवतियों के साथ प्रेमालाप करने के साथ-साथ उनकी अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो भी निकाला करता था. जिन्हें वह अपनी ‘मर्दानगी’ व ‘पॉप्युलिरिटी’ बताने हेतु अपने दोस्तों को दिखाया करता था.
* दोस्त द्वारा अयान का डेटा अपने मोबाइल में लिए जाने के बाद वीडियो हुए वायरल
जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले का भंडाफोड अयान अहमद के बेहद करीबी दोस्त रहनेवाले उजेर खान की वजह से हुआ. अयान और उजेर विगत कई वर्षों से घनिष्ठ मित्र है. जो कुछ दिन पहले चाय पीने के लिए कहीं बाहर गए थे, उस समय अयान अपना मोबाइल कुछ देर के के लिए उजेर को देकर कहीं इधर-उधर हुआ था. चूंकि उजेर को अयान के मोबाइल का पासवर्ड पता था. जिसके चलते उजेर ने अयान के मोबाइल को खोलकर उसकी गैलरी में रहनेवाले सभी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो का डेटा अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिया. जिसके बाद उजेर ने वे सभी फोटो व वीडियो अपने एक दोस्त को भेजे और फिर एक से दूसरे, दूसरे से तीसरे तथा तीसरे से कई लोगों के मोबाइल पर वे तमाम फोटो व वीडियो शेयर किए गए. जिसके चलते तमाम फोटो व वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गए.
* दो युवतियों पर लैंगिक अत्याचार, 8 युवतियों के साथ अश्लील व्यवहार
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस द्वारा की गई जांच में यह बात भी सामने आई है कि, अयान ने कुल 8 युवतियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया है. जिसमें से 2 युवतियों के साथ लैंगिक अत्याचार भी किया गया. जानकारी यह भी सामने आई है कि, किसी युवती के अपने जाल में फंसने के बाद अयान द्वारा उसे परतवाडा व अचलपुर परिसर स्थित किसी बांध या आसपास के निर्जन व सुनसान परिसर में दुपहिया पर बिठाकर घूमने-फिरने हेतु ले जाया जाता था. साथ ही कभी किसी कैफे पर या फिर कभी अमरावती में स्थित किराए के कमरे पर लाकर अयान द्वारा उन युवतियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया जाता था.
* 8 पीडित, 18 वीडियो व 39 फोटो
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि, अयान ने ‘व्लॉगिंग’ के जरिए अपने जाल में कुल 8 युवतियों को फांसा था. जिसके बाद अयान ने अपने विकृत आनंद के लिए और दोस्तों को दिखाने के लिए उन युवतियों के साथ 18 आपत्तिजनक वीडियो बनाए. साथ ही पीडित युवतियों की सहमति के बिना उनके 39 आपत्तिजनक फोटो निकालकर अपने मोबाइल में सेव्ह करके रखे थे. जो अयान के दोस्त द्वारा वायरल कर दिए गए.

Back to top button