अयान के बर्थ डे ने कुछ पुलिस कर्मियों ने लगाई थी हाजिरी

जिन हाथों से केक काटा था, उन्हीं हाथों से अयान को पहनाई हथकडी

* वीडियो सामने आते ही मचा हडकंप, 6 पुलिस कर्मी ‘हेड क्वॉर्टर अटैच’
अमरावती/दि.17 – कई युवतियों का यौन शोषण कर उन्हें ब्लैकमेल करने के मामले में नामजद व गिरफ्तार अयान अहमद की वजह से अब परतवाडा पुलिस स्टेशन के कुछ पुलिस कर्मी मुसीबत में फंसते नजर आ रहे है. क्योंकि इस सनसनीखेज मामले में अयान की गिरफ्तारी के बाद अब उसके बर्थ डे के संबंधित कुछ फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे है. जिनमें साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि, रात के वक्त खुली सडक पर अयान के दोस्तों द्वारा बडी धामधूम और आतिषबाजी के साथ अयान का बर्थ डे मनाया जा रहा है. जिसमें रात्रिकालिन गस्त पर रहनेवाले परतवाडा थाने के कुछ पुलिस कर्मी भी शामिल दिखाई दे रहे है. साथ ही साथ वीडियो में परतवाडा पुलिस थाने द्वारा नाईट पेट्रोलिंग पर भेजा गया सरकारी वाहन भी खडा दिखाई दे रहा है. संभवत: यही वजह रही कि, अयान अहमद के यौन शोषण के संबंधित मामले के सामने आते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने अचलपुर व परतवाडा पुलिस थानों से एक सहायक पुलिस निरीक्षक के साथ ही 5 पुलिस कर्मियों को तुरंत मुख्यालय से संलग्न कर दिया.
इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुए अयान अहमद के एक बेहद पुराने वीडियो में दिखाई दे रहा है कि, अयान अहमद अपना जन्मदिन अपने दोस्तों के साथ किसी चौक अथवा सडक पर मना रहा है. इस समय खुले आसमान के नीचे जबरदस्त आतिषबाजी करते हुए केक भी काटा गया. इस दौरान रात्रिकालिन गस्त पर रहनेवाले कुछ पुलिस कर्मी अपने सरकारी वाहन के साथ वहां पर पहुंचे, जिन्होंने अपना सरकारी वाहन सडक किनारे खडे करते हुए अयान अहमद की बर्थ डे पार्टी में हिस्सा भी लिया. जिसमें से कुछ पुलिस कर्मियों ने अयान अहमद को अपने हाथों से केक खिलाया और फिर वे लोग वहां से चले गए. खास बात यह है कि, जिन पुलिस कर्मियों ने कभी अयान अहमद को अपने हाथों से केक खिलाया था, उन्हीं पुलिस कर्मियों ने अब अयान अहमद को अपने हाथों से हथकडी भी पहनाई और हथकडी की रस्सी को अपने हाथों में थामकर अयान अहमद को अदालत के सामने पेश भी किया. वहीं दूसरी ओर अयान अहमद के बर्थ डे में कुछ पुलिस कर्मियों के शामिल होने की बात सामने आते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने इस मामले की जांच के आदेश जारी किए है. साथ ही प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए अचलपुर व परतवाडा से 6 पुलिस कर्मियों को आनन-फानन में हेड क्वॉर्टर अटैच कर दिया गया है.

Back to top button