मनुष्यबल की भारी कमी से जूझ रही अमरावती मनपा

2087 मंजूर पदों में से 871 पद पडे है रिक्त

* केवल 1216 पदों पर ही अधिकारी व कर्मी कार्यरत
* अधिकारियों के 115 में से 64 पद रिक्त
* तृतीय श्रेणी के सर्वाधिक 578 पद खाली
* चतुर्थ श्रेणी में भी 229 पदों पर नियुक्ति नहीं
अमरावती/दि.21 – अमरावती महानगर पालिका इस समय आर्थिक किल्लत के साथ-साथ मनुष्यबल की कमी से भी जूझ रही है. जिसका सीधा असर अमरावती महानगर पालिका के प्रशासनिक कामकाज पर पड रहा है. साथ ही साथ कई अधिकारियों को अपनी नियुक्ति वाले पद के अलावा एक या एक से अधिक पदों का अतिरिक्त प्रभार भी देखना पड रहा है. जिसके चलते कई अधिकारियों पर काम का काफी अधिक अतिरिक्त बोझ ही है. साथ ही साथ द्वितीय श्रेणी अधिकारियों के साथ-साथ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अनेकों पद रिक्त रहने के चलते अधिकारियों को इस समस्या का भी सामना करना पड रहा है कि, आखिर वे मनपा में काम किससे करवाए.
बता दें कि, गत रोज हुई मनपा की आमसभा में पार्षद मिनल सवई ने अमरावती मनपा की आस्थापना में किस संवर्ग के तहत कितने पद रिक्त है, और कितने अधिकारियों को किन-किन पदों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, के संदर्भ में जानकारी मांगते हुए प्रश्न उपस्थित किया था. जिसके जवाब में मनपा प्रशासन की ओर से बताया गया कि, अमरावती मनपा के मंजूर आकृतिबंध के तहत गट-अ संवर्ग में अधिकारियों के 42 पद मंजूर है. जिसमें से 28 पदों पर अधिकारी कार्यरत है. वहीं गट-अ संवर्ग के 14 पद रिक्त है. जिनमें उपायुक्त के 2, शहर अभियंता के 1, उपअभियंता (यांत्रिकी/परिवहन) के 1, मुख्य लेखाधिकारी के 1, पर्यावरण संवर्धन अधिकारी के 1, मूल्य निर्धारण कर संकलन अधिकारी के 1, पशु शल्य चिकित्सक के 1, मुख्य अग्निशमन अधिकारी के 1, वैद्यकीय अधिकारी के 1, स्त्रीरोग विशेषज्ञ के 1, बालरोग विशेषज्ञ के 1, मुख्य संगणक अधिकारी के 1 एवं मुख्य स्वच्छता अधिकारी के 1 पद रिक्त है. जिसके चलते समकक्ष पदों पर पदस्थ रहनेवाले अधिकारियों को इन पदों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
इसके साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि, अमरावती मनपा में गट-ब संवर्ग के तहत कुल 73 पद मंजूर है. जिसमें से केवल 23 पदों पर ही अधिकारियों की नियुक्ति है और गट-ब संवर्ग के 50 पद रिक्त पडे है. जिनमें सहायक आयुक्त के 8, महिला व बालविकास अधिकारी के 1, सांख्यिकी अधिकारी के 1, उपशिक्षाधिकारी के 1, सहायक मूल्य निर्धारण कर संकलन अधिकारी के 1, विधि अधिकारी के 1, सहायक पर्यावरण अधिकारी के 1, उपमुख्य लेखा परिक्षक के 1, लेखाधिकारी के 1, सहायक अग्निशमन अधिकारी के 1, महानगर पालिका सचिव के 1, लघुलेखक (चयन श्रेणी) के 1, लघुलेखक (उच्च श्रेणी) के 1, नगर रचनाकार के 1, सहायक वैद्यकीय अधिकारी के 15, उपमुख्य स्वच्छता अधिकारी के 2, सहायक अभियंता (स्थापत्य) के 6, शाखा अभियंता (स्थापत्य) के 3, सहायक अभियंता (विद्युत) के 1, संपत्ति व्यवस्थापक अधिकारी के 1 व अतिक्रमण पथक प्रमुख के 1 पद का समावेश है. गट-अ व गट-ब में रिक्त रहनेवाले पदों की संख्या व स्थिति को देखते हुए कहा जा सकता है कि, अमरावती महानगर पालिका की आस्थापना में कई बेहद महत्वपूर्ण व प्रमुख अधिकारियों के पद रिक्त पडे है तथा उन पदों का अतिरिक्त पदभार देते हुए प्रभारियों के भरोसे महानगर पालिका का कामकाज चलाया जा रहा है.
इसके अलावा यह जानकारी भी सामने आई है कि, गट-क के अंतर्गत तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के अमरावती मनपा में 922 पद मंजूर है. जिसमें से मात्र 344 पदों पर ही कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है तथा रिकॉर्ड 578 पद रिक्त पडे है. कुछ महकमों में तो यह स्थिति है कि, मंजूर पदों में से सभी अथवा अधिकांश पद रिक्त पडे है. इसी तरह गट-ड संवर्ग के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के कुल मंजूर 1050 पदों में से 821 पदों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत है और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 229 पद रिक्त पडे है. जिनमें सफाई जमादार, बीट प्यून व सफाई कामगारों के ही सर्वाधिक रिक्त पदों का समावेश है. इस स्थिति को देखते हुए सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि, अमरावती महानगर पालिका में प्रशासनिक कामकाज किस तरीके से चल रहा है और आम नागरिकों के काम क्यों नहीं हो पा रहे.
* अमरावती मनपा में मंजूर, कार्यरत व अधिक पदों के आंकडे
संवर्ग मंजूर पद कार्यरत पद रिक्त पद
गट-अ 42 28 14
गट-ब 73 23 50
गट-क 922 344 578
गट-ड 1050 821 229
कुल 2087 1216 871

Back to top button