दापोरी में महीनेभर चल रहा राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ग्रामजयंती महोत्सव

प्रेरणा का केंद्र बना गांव मोर्शी, एकता, जागरुकता और सकारात्मक उर्जा का वातावरण

मोर्शी/दि.22– मोर्शी तहसील के दापोरी गांव में वंदनीय राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की ग्रामजयंती के अवसर पर पूरे अप्रैल महीने भर सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है. इन आयोजनों के चलते गांव में एकता, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है. गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर रोज़ प्रार्थना, चिंतन और विचार-मंथन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में सामाजिक जिम्मेदारी और एकजुटता की भावना मजबूत हो रही है. 21 अप्रैल को स्वर्गीय प्रकाशराव वालके की स्मृति में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के तालुका अध्यक्ष रुपेश वालके की ओर से सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए, जिससे पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला.महीनेभर चलने वाले इस महोत्सव ने दापोरी में नए उत्साह का संचार किया है. खास बात यह है कि नई पीढ़ी भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, जिससे गांव एक आदर्श उदाहरण बनकर उभर रहा है. प्रार्थना सभाओं के माध्यम से रोज़ महापुरुषों के प्रेरणादायक विचार साझा किए जा रहे हैं और समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.श्री गुरुदेव सेवा मंडल के माध्यम से आयोजित यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

* महोत्सव की प्रमुख विशेषताएं
– ग्राम विकास और स्वच्छता अभियान : ‘ग्रामगीता’ के विचारों को अपनाते हुए गांव को मंदिर मानकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है.
– सामूहिक प्रार्थना और भजन : सुबह के समय प्रार्थना और खंजिरी भजन के माध्यम से ग्राम विकास का संदेश फैलाया जा रहा है.
– प्रबोधन कार्यक्रम : वक्तृत्व प्रतियोगिता, महिला सम्मेलन, ग्रामगीता चर्चा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
– ग्रामजयंती संकल्प : ग्रामीण ‘गांव ही मंदिर है’ की भावना के साथ गांव के विकास और खुशहाली के लिए संकल्प ले रहे हैं.दापोरी का यह ग्रामजयंती महोत्सव अन्य गांवों के लिए प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आ रहा है.

Back to top button