बुलढाणा: ’दृश्यम’ स्टाइल मर्डर केस का खुलासा

पत्नी की शिकायत पर 4 साल बाद मिला शव

बुलढाणा/ दि. 22- बुलढाणा जिले के मेहकर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ चार साल से लापता एक व्यक्ति की हत्या का रहस्योद्घाटन हुआ है. आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक होटल के पीछे गड्ढा खोदकर सीमेंट कंक्रीट में दफन कर दिया था. इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि आरोपी की पत्नी की शिकायत पर हुआ है.
मृतक की पहचान सुकली निवासी विनोद आश्रूबा नवले के रूप में हुई है. हत्या का मुख्य आरोपी सचिन ज्ञानेश्वर उगले है, जिसने अपने साथी सुनील बाजीराव जाधव के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया था. आरोपी ने पुलिस को बताया कि 2 मई 2022 को उन्होंने विनोद को शराब पिलाने के बाद कैंची और चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया था. सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव को मेहकर-मोला रोड स्थित एक होटल के पीछे दबाकर ऊपर से सीमेंट का पक्का निर्माण कर दिया था.
इस क्रूर हत्याकांड का पर्दाफाश तब हुआ जब आरोपी की पत्नी ने 17 अप्रैल को मेहकर पुलिस थाने में अपने पति के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर चार साल पहले सुकली के एक व्यक्ति की हत्या करने का जिक्र करता था. इस महत्वपूर्ण जानकारी के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और आरोपियों पर निगरानी रखी.
पुलिस की पूछताछ और बढ़ते दबाव को देखकर मुख्य आरोपी सचिन उगले ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को घटनास्थल की खुदाई की, जहां से नरकंकाल बरामद हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस हत्याकांड के पीछे के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है.

Back to top button