चांदुर रेलवे नप के निर्णय व प्रस्ताव पर स्थगिती

नमो गार्डन पर विभागीय आयुक्त ने दिया आदेश

* भाजपा पार्षदों ने उठाई थी मांग
चांदुर रेलवे /दि.25 – चांदुर रेलवे में नमो गार्डन की जगह के चयन एवं मंजूरी को लेकर नगर परिषद में हुए हंगामे के बाद विभागीय आयुक्त ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नगर परिषद की बैठक में पारित सभी प्रस्तावों एवं निर्णयों पर स्थगिती दे दी. जिसके चलते अब इस मामले को एक नया मोड मिल गया है.
बता दें कि, भाजपा के नगरसेवकों ने नमो गार्डन के संदर्भ में हुई बैठक को लेकर जिलाधीश के साथ ही विभागीय आयुक्त के पास भी शिकायत की थी. पश्चात संबंधित मामले की समीक्षा करते हुए प्रभारी विभागीय आयुक्त अजय लहाने ने महाराष्ट्र नगर परिषद अधिनियम 1965 के अंतर्गत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए अगले आदेश तक इस फैसले के अमल पर स्थगिती लगाने का निर्देश दिया. नमो गार्डन के लिए चुनी गई जगह, मंजूरी की प्रक्रिया व लिए गए निर्णय पूरी तरह से नियमबाह्य है और उनमें पारदर्शकता का अभाव है. साथ ही नगर परिषद की सभा में हुए हंगामे के बीच पारित किए गए प्रस्ताव को रद्द किया जाए, ऐसी मांग आवेदकों द्वारा अपनी अपील में की गई थी. जिसके चलते अब अगली सुनवाई के बाद इस मामले में अंतिम निर्णय क्या होता है, इस बात की ओर नागरिकों का ध्यान लगा हुआ है.

* प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर शुरु होनेवाले एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का महत्वाकांक्षी प्रकल्प रहनेवाले नमो गार्डन का एक तरह से खुद भाजपा के ही नगरसेवकों द्वारा विरोध दर्शाया गया है. साथ ही इन नगरसेवकों एक तरह से शहर के विकास कामों पर स्थगिती हासिल की है. यह पूरे चांदुर रेलवे शहर का नुकसान है.
– प्रियंका विश्वकर्मा
नगराध्यक्ष, चांदुर रेलवे.

* विभागीय आयुक्त के आदेश से नगराध्यक्ष के मनमाने कामकाज पर अंकुश लगा है. जगह निश्चिती पर सर्वसम्मति नहीं रहने के बावजूद भी नियमबाह्य तरीके से प्रस्ताव पारित किया गया. जिसे लेकर की गई शिकायत के बाद स्थगिती का निर्णय आया. हम विकास कामों के खिलाफ नहीं है, लेकिन नियमबाह्य निर्णय को स्वीकार भी नहीं किया जाएगा.
– बच्चू वानरे
उपाध्यक्ष, नगर परिषद, चांदुर रेलवे.

Back to top button