ई-केवाईसी में हुई चूक को दुरुस्त कर सकती है लाडली बहन

अमरावती/दि.25– मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना का जिले के सभी जरुरतमंद एवं पात्र लाभार्थी महिलाओं को लाभ मिले तथा कोई भी पात्र लाडली बहन इस योजना के लाभ से वंचित न रहे, इस बात को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ई-केवाईसी को लेकर व्यापक मुहिम शुरु की है. जिन लाभार्थी महिलाओं ने इससे पहले की गई ई-केवाईसी में गलती से सरकारी नौकरी करने का पर्याय चुना था, ऐसी पात्र लाभार्थी महिलाएं अपनी इस चूक को आगामी एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कर सकती है. जिले के सभी सेवा केंद्रों में लाडली बहनों के लिए ई-केवाईसी की दुरुस्ती करने हेतु सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
बता दें कि, जिले में 6 लाख 95 हजार लाडली बहने इस योजना में पात्र लाभार्थी है. जिसमें से कुछ पात्र लाडली बहनों की ई-केवाईसी चूक जाने के चलते उन्हें इस योजना के लाभ से वंचित रहना पड रहा है. ऐसे में जिन लाभार्थी महिलाओं ने इससे पहले ई-केवाईसी करते समय गलती से कोई चूक की है, तो उसे दुरुस्त करने हेतु जिला महिला व बाल विकास विभाग ने ई-केवाईसी में एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन दुरुस्ती करने की सुविधा उपलब्ध कराई है. जिसके चलते पात्र लाभार्थी महिलाओं द्वारा आगामी 30 अप्रैल तक अपनी ई-केवाईसी को दुरुस्त किया जा सकता है, ऐसी जानकारी देते हुए महिला व बालविकास अधिकारी संजय गट द्वारा बताया गया कि, जिन पात्र लाभार्थी महिलाओं ने अपनी ई-केवाईसी ही नहीं की है, उन्हें सरकार के अगले निर्णय की प्रतीक्षा करनी होगी.
* ऐसे कर सकते है ई-केवाईसी
‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना’ की लाभार्थी महिलाओं को ई-केवाईसी में ऑनलाइन दुरुस्ती करने हेतु क्यूआर कोड स्कैन करते हुए अथवा ‘लाडकी बहीण डॉट महाराष्ट्र डॉट जीओवी डॉट इन’ इस वेबसाइट पर जाकर ई-केवाईसी लिंक पर क्लिक करना होगा. जिसके बाद अपना आधार क्रमांक दर्ज करते हुए ओटीपी डालकर पडताल करनी होगी. इसके उपरांत पर्याय क्रमांक 1 व पर्याय क्रमांक 2 की जानकारी डालते हुए अपनी ई-केवाईसी को सबमिट करना होगा. ऐसा करने हेतु 30 अप्रैल तक डेडलाइन दी गई है. साथ ही ‘आपले सेवा केंद्र’ पर ई-केवाईसी करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.





