अजित पवार के निधन के बाद बड़ा फैसला
पार्थ और जय पवार को बडी जिम्मेदारी

* अंतिम निर्णय डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार लेंगी
मुंबई/पुणे/दि.24 – महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पार्थ पवार और जय पवार के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है. हालांकि सभी महत्वपूर्ण निर्णयों का अंतिम अधिकार सुनेत्रा पवार के पास ही रहेगा. जानकारी के अनुसार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में तीन-स्तरीय व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है.
* किसे क्या जिम्मेदारी?
पार्थ पवार को दिल्ली और मुंबई में पार्टी गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है. जय पवार को बारामती और पुणे ग्रामीण क्षेत्र की कमान सौंपी गई है. वहीं सुनेत्रा पवार खुद राज्यभर में संगठन को मजबूत करने और रणनीतिक फैसले लेने की भूमिका निभाएंगी. रिपोर्ट के मुताबिक, भले ही जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया हो, लेकिन पार्टी से जुड़े सभी बड़े और अंतिम फैसले सुनेत्रा पवार ही लेंगी.
* रणनीति के पीछे वजह
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, अजित पवार के निधन के बाद पार्टी में नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता थी. ऐसे में संगठन को एकजुट रखने और भविष्य में किसी तरह के आंतरिक मतभेद से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है.
* राजनीति में सक्रिय हुए दोनों बेटे
अजित पवार के निधन के बाद पार्थ पवार और जय पवार दोनों ही पहले से अधिक सक्रिय हो गए हैं. पार्थ पवार राज्यसभा सदस्य बने हैं, जबकि जय पवार बारामती क्षेत्र में संगठन मजबूत करने में जुटे हैं. पवार परिवार में यह नया जिम्मेदारी वितरण आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है. हालांकि अंतिम निर्णय का अधिकार सुनेत्रा पवार के पास होने से पार्टी में नेतृत्व स्पष्ट बना हुआ है.





