परतवाड़ा के यौन शोषण व वीडियो वायरल कांड में
अयान सहित चार आरोपी एमसीआर के तहत जेल रवाना

* आरोपी क्रमांक 2 उजेर खान को पुलिस ने दूसरे मामले में किया गिरफ्तार
* उजेर खान को कल दुबारा अदालत में पेश कर मांगा जाएगा पीसीआर
* मुख्य आरोपी अयान को भी एक अन्य मामले में प्रोड्यूस वॉरंट पर किया जा सकता है गिरफ्तार
परतवाड़ा/अचलपुर/दि.27 – केवल महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश को शर्मसार कर देने वाले परतवाड़ा नाबालिग दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल कांड में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया. जब पुलिस कस्टडी रिमांड में रहनेवाले मामले के पांच मुख्य आरोपियों को जिला अतिरिक्त सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद सहित चार आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अमरावती सेंट्रल जेल भेजने का आदेश दिया. वहीं आरोपी क्रमांक 2 रहनेवाले उजेर खान को एक अन्य प्रकरण में प्रोडक्शन वारंट पर दोबारा गिरफ्तार कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया.
बता दें कि, इस सनसनीखेज प्रकरण में मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19), उजेर खान इकबाल खान (20), मोहम्मद साद उर्फ मो. साबिर, तबरेज खान तस्लीम खान और एफाज खान मंसूर अली खान को इससे पहले 21 अप्रैल को जिला अतिरिक्त सत्र न्यायालय में पेश किया गया था. उस समय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सागर पाटिल ने पांचों आरोपियों को 27 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) में भेजने का आदेश दिया था. सोमवार 27 अप्रैल को पीसीआर अवधि समाप्त होने के बाद पांचों आरोपियों को पुनः अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के बाद न्यायालय ने अयान, एफाज, मोहम्मद साद और तबरेज खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए केंद्रीय कारागृह बडाली रवाना करने का आदेश सुनाया. हालांकि आरोपी उजेर खान को अदालत से राहत नहीं मिली. उसे परतवाड़ा पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर एक अन्य दर्ज प्रकरण में पुनः गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार उजेर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 354, 74, 75, 76, 77, 78, 79, 351 सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं 8, 12 और 14 के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है. इस प्रकरण में उस पर एक युवती का पीछा करने, परेशान करने और अशोभनीय हरकतें करने के आरोप हैं. जिसके चलते परतवाडा पुलिस ने आज उजेर खान को एक बार फिर अपनी हिरासत में लिया, जिसे कल 28 अप्रैल को पुनः अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी नई पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग करेगी. फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में रखा गया है. वहीं इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अन्य तीन आरोपियों मानव सुगंधे, मोहम्मद इमरान मोहम्मद साजिद और शेख नावेद शेख हसन को पहले ही 7 मई तक न्यायिक हिरासत में अमरावती जेल भेजा जा चुका है.
सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत परिसर में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त तैनात किया गया था. भारी पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपियों को दोपहर 3:50 बजे अदालत परिसर लाया गया और 4:10 बजे न्यायालय में पेश किया गया. सुनवाई के बाद ठीक 4:20 बजे माननीय न्यायाधीश सागर पाटिल ने अपना आदेश सुनाया. मामले में पुलिस की ओर से सहायक शासकीय अभियोक्ता धनराज नवले ने प्रभावी पैरवी की. वहीं आरोपियों की ओर से अयान के लिए एड. वकार अहमद, मोहम्मद साद और उजेर के लिए एड. शौकत अली तथा अन्य आरोपियों की ओर से एड. सरफराज ने पक्ष रखा.
परतवाड़ा के इस बहुचर्चित कांड में अब तक कई चौंकाने वाले खुलासे हो चुके हैं. पुलिस और एसआईटी की जांच लगातार जारी है. उजेर की दोबारा गिरफ्तारी के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है तथा आने वाले दिनों में जांच में और नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है. इसके साथ ही यह संभावना भी जताई जा रही है कि, गत रोज एक अन्य पीडिता द्वारा पुलिस के सामने आकर अयान अहमद के खिलाफ बयान दिए जाने के चलते परतवाडा पुलिस द्वारा अयान अहमद को एक बार फिर प्रोड्यूस वॉरंट पर अपनी हिरासत में लिया जा सकता है और उसे पूछताछ भी की जा सकती है.





