नागपुर में श्याम मानव के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग
संतों के बारे में विवादित बयान का आरोप

नागपुर/दि.28 – अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के श्याम मानव पर भी संतों का अपमान करने का आरोप लगाया गया है. नागपुर के संत गुलाब बाबा सेवा आश्रम ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आपराधिक कार्रवाई की मांग की है.
श्याम मानव पर संत गुलाब बाबा के बारे में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया गया है. सोमवार को गुलाब बाबा सेवाश्रम के पदाधिकारियों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. यदि पुलिस ने तुरंत कदम नहीं उठाए तो आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई. रेशीमबाग स्थित संत गुलाब बाबा सेवा आश्रम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आदमने के नेतृत्व में भक्तों ने महाल स्थित कोतवाली पुलिस स्टेशन में पुलिस उपायुक्त राहुल मदने से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की. इस दौरान श्रीकांत शिवणकर ने भी मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी. इस प्रतिनिधिमंडल में वडालकर, चंदू दंदे, अविनाश नाईक और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे.
* क्या बोले श्याम मानव
श्याम मानव ने एक कार्यक्रम में संत गुलाब बाबा को नंबरी और लड़कियों पर पानी छिड़कने वाला बाबा कहा था, ऐसा आरोप है. इसके अलावा भी उन्होंने कई आपत्तिजनक बयान दिए. उनके बयानों की सूची सेवाश्रम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आदमने ने शिकायत के साथ दी है. भक्तों ने आरोप लगाया कि संतों पर बेबुनियाद आरोप लगाकर खुद का महत्व बढ़ाना श्याम मानव का तरीका है. अंधश्रद्धा निर्मूलन के नाम पर कई लोगों के खिलाफ झूठे दावे करने वाले मानव पर अब पुलिस क्या रुख अपनाती है, इस पर पूरे राज्य की नजर है.
श्याम मानव ने कहा था कि भूषण गवई का धीरेंद्र शास्त्री के चरणों में जाना उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा. उन्होंने कहा कि गवई खुद को आंबेडकरी विचारधारा का बताते हैं, लेकिन अगर वही व्यक्ति धीरेंद्र शास्त्री के चरणों में जाकर आशीर्वाद लेता है, तो उन्हें आगे आंबेडकर का नाम लेने का अधिकार नहीं है. इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी श्याम मानव की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि सलाह देने वाले आप कौन होते हैं. इसके बाद भूषण गवई के भाई डॉ. राजेंद्र गवई ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो सामने आओ. इससे नया विवाद खड़ा हो गया है.





