25-26 को स्टेट बैंक की हडताल

16 मांगों हेतु 220 शाखाएं रहेगी ठप

* सशस्त्र गार्ड बढाने की भी रखी है डिमांड
नागपुर /दि.7- ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन ने आगामी 25-26 को दो दिवसीय हडताल की घोषणा की है. राष्ट्रव्यापी हडताल 16 प्रमुख मांगों को लेकर किए जाने की जानकारी देते हुए संगठन ने दावा किया कि, दोनों दिन विदर्भ की लगभग 220 से अधिक शाखाओं में लेन-देन व्यवहार प्रभावित होगा, जो रोजाना सैकडों करोड का होता है. हडताल में सैकडों कर्मचारी भी शामिल होंगे. 23 और 24 मई को अवकाश होने से लगातार चार दिन स्टेट बैंक बंद समान रहने की जानकारी आर्थिक क्षेत्र के जानकारों ने दी.
उन्होंने बताया कि, स्टाफ फेडरेशन ने प्रबंधन से बातचीत के अनेक दौर किए, किंतु हल नहीं निकला. प्रबंधन कई विषयों पर स्टाफ से अलग विचार रखता रहा. स्टाफ ने सेवा परिस्थितियों में सुधार के साथ परिचालन में संतुलन हेतु 16 मांगे रखने का दावा किया. इन मांगों में संदेह वाहक और सशस्त्र गार्ड बढाने की भी डिमांड शामिल है. शाखा के सुचारु परिचालन में उपरोक्त बातें आवश्यक होने का दावा उन्होंने किया.
स्टाफ फेडरेशन ने बताया कि, अनेक दिनों से उनकी मांगों का निवेदन प्रबंधन के पास प्रलंबित चल रहा है. ऐसे में बातचीत की गई. किंतु लगातार उपेक्षा के कारण अब हडताल का निर्णय किया गया है. उन्होंने दावा किया कि, सार्वजनिक क्षेत्र की अन्य बैंके और निजी बैंक शाखाएं नियमित रुप से कामकाज जारी रखेगी. यह भी बताया गया कि, स्टाफ फेडरेशन ने 1947 के उद्योग विवाद अधिनियम की धाराओं के तहत गत 2 मई को ही अपनी आगामी दो दिवसीय हडताल के विषय में नोटिस भेज दी थी. हडताल में स्टेट बैंक के सभी अधिकारी, कर्मचारी सहभागी होने का दावा उन्होंने किया.

Back to top button