20 मई को देशभर में बंद रहेंगी दवा दुकानें

ऑनलाइन दवा बिक्री व भारी डिस्काउंट के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल

नई दिल्ली/ दि.7- देशभर के दवा विक्रेताओं के संगठन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ने 20 मई 2026, बुधवार को अखिल भारतीय स्तर पर केमिस्ट बंद का आह्वान किया है. संगठन ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट देने की नीति तथा नकली दवाओं के बढ़ते खतरे के विरोध में यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल घोषित की है.
संगठन द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट को बंद करने तथा नकली और अवैध दवाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग शामिल है. संगठन ने केंद्र सरकार से जीएसआर 817 (28 अगस्त 2018) तथा जीएसआर 220 (26 मार्च 2020) को वापस लेने की मांग भी उठाई है.
संगठन का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बड़े कॉर्पोरेट घरानों की आक्रामक छूट नीति से छोटे और मध्यम दवा विक्रेताओं का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है. वहीं नकली दवाओं के कारण मरीजों की जान को भी खतरा पैदा हो रहा है. संगठन के अध्यक्ष जे. एस. शिंदे तथा महासचिव राजीव सिंघल ने देशभर के केमिस्टों से बंद को सफल बनाने की अपील की है. संगठन ने मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है.
हड़ताल के चलते 20 मई को देश के अनेक शहरों में मेडिकल स्टोर्स बंद रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे दवा खरीदने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि आपातकालीन सेवाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग व्यवस्था किए जाने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है.

Back to top button