तिवसा के शिवाजी चौक में अवैध साहूकारी के खिलाफ छापा

39 संदिग्ध दस्तावेज जब्त, दुकान और दो दोपहिया वाहन सील

अमरावती /दि.20 – तिवसा के शिवाजी चौक परिसर में कथित रूप से अवैध तरीके से पैसे उधार देने के मामले में सहकारिता विभाग की टीम ने बुधवार को छापेमारी कर तलाशी ली. इस कार्रवाई में 39 संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं. इनमें ब्लैंक चेक, खाली हस्ताक्षरित कागज, एक रुपये के स्टांप पेपर, वाहन के दस्तावेज सहित अन्य कागजात शामिल हैं.
अमरावती जिला उपनिबंधक, सहकारी संस्थाएं कार्यालय में मिली शिकायत के आधार पर जिला उपनिबंधक राजेश वी. भुयार ने तत्काल कार्रवाई के लिए छापेमारी दल गठित किया था. इसी के तहत 19 अगस्त को तिवसा पुलिस थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक में कार्रवाई की गई.
* घर और दुकान में करीब पांच घंटे तलाशी
सहायक निबंधक सहकारी संस्था, तिवसा प्रीति धामणे के नेतृत्व में टीम ने शिवाजी चौक, तिवसा निवासी सुनील शामराव सूरतकर के घर और उससे लगी दुकान की तलाशी ली. कार्रवाई सुबह 10.20 बजे से दोपहर 3.25 बजे तक चली. तलाशी के दौरान टीम को कथित अवैध साहूकारी से संबंधित 39 संदिग्ध दस्तावेज मिले. इनमें ब्लैंक चेक, दो दोपहिया वाहनों के दस्तावेज, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, एक रुपये के स्टांप वाला खाली कागज, हस्ताक्षर किए हुए खाली कागज तथा अन्य संदिग्ध दस्तावेज शामिल हैं. सहकारिता विभाग की टीम ने संबंधित दस्तावेज जब्त करने के साथ ही दुकान और दो दोपहिया वाहनों को सील कर दिया है.
* दस्तावेजों की होगी जांच
सहकारिता अधिकारी सुधीर मानकर ने बताया कि जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच महाराष्ट्र मनी लेंडिंग (रेगुलेशन) एक्ट, 2014 के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी. यह जांच अमरावती विभाग के सहकारी संस्थाओं के विभागीय संयुक्त निबंधक गौतम वर्धन और जिला उपनिबंधक राजेश वी. भुयार के मार्गदर्शन में सहायक निबंधक प्रीति धामणे द्वारा की जाएगी. कार्रवाई के दौरान सहकारिता विभाग के अविनाश महल्ले, मनोज रोहणकर, शीतल राठौड़, पंच प्रसाद दिघाड़े और वैशाली देवले तथा तिवसा पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी आदित्य ठाकुर और दीपाली वानखड़े मौजूद रहे. जब्त दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button