समय पर करें विवाह विधी
अन्यथा जुर्माना, अकोला में एक परिवार को दो हजार का दंड

अकोला/दि.13– बौद्ध समाज में नई परिपाटी प्रारंभ करते हुए परिणय नियमन समिति ने पत्रिकाओं में उल्लेखित समय पर विवाह विधी संपन्न करने का आवाहन किया है. ऐसा न करने पर समिति जुर्माना कर सकती हैं. अकोला में जगताप परिवार से दो हजार का जुर्माना वसूले जाने का दावा समिति ने किया है.
समिति ने बताया कि, धम्मबोधी डोंगरे की अध्यक्षता में बुद्ध विहार महासंघ की पहल से समिति का गठन किया गया. समय पर विवाह समारोह करवाने जनजागृति अभियान शुरु किया गया है. गत 5 मई बुधवार को शिवनी में एक विवाह समारोह वधू पक्ष द्वारा सभी तैयारी समय पर कर लेने के बावजूद दो घंटे विलंब से विधी की गई. जिससे समिति अध्यक्ष वसंतराव अवचार ने तुरंत दखल ली और दो हजार रुपए जुर्माना किया. अकोला जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष दामोदर जगताप ने निर्णय का स्वागत कर स्टेज पर ही जुर्माने की राशि समिति को सौंपी. बता दें कि, इस विवाह समारोह में पूर्व गटविकास अधिकारी समाधान जगताप, वंचित आघाडी के अशोक सिरसाट, सुरेश सिरसाट, शेख साबीर, प्रवीण पातोडे, नगरसेविका उज्वला पातोडे, शेख शमशू सहित पूज्य भंते सुरीक्ष सुनित बोधी, भंते शीलरक्षित उपस्थित थे.
कहा गया कि, गर्मी के दिनों में मेहमानों को नाहक विवाह की विधी पूर्ण किए जाने का इंतजार करना पडता है. वरिष्ठ नागरिकों को दिक्कत होती हैं. ऐसे में समय का भान रखने की आवश्यकता है.





